तीसरे एशियन यूथ गेम्स में झारखंड के हिमांशु सिंह का चयन, भारत की ओर से ऊंची कूद में करेंगे प्रदर्शन  
1 min read

तीसरे एशियन यूथ गेम्स में झारखंड के हिमांशु सिंह का चयन, भारत की ओर से ऊंची कूद में करेंगे प्रदर्शन  

 रिपोर्ट:रांची डेस्क 

रांची, 22 अक्तूबर (संवाददाता)। झारखंड के लिए गर्व का क्षण है। पूर्वी सिंहभूम निवासी एथलीट हिमांशु कुमार सिंह का चयन बहरीन में आयोजित होने वाले तीसरे एशियन यूथ गेम्स के लिए भारतीय टीम में किया गया है। मंगलवार को हिमांशु भारतीय दल के साथ बहरीन के लिए रवाना हो गये।  

भारत को प्रतिनिधित्व करेंगे हिमांशु 

यह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप बहरीन नेशनल स्टेडियम में 23 से 26 अक्तूबर तक आयोजित की जा रही है। एथलेटिक्स वर्ग में हिमांशु 24 अक्तूबर को ऊंची कूद (हाई जंप) स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके प्रदर्शन को लेकर राज्य के खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल है।  

हिमांशु ने राज्य की ओर से कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और जूनियर स्तर पर कई स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। उनकी लगातार मेहनत और समर्पण ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया है।  

इस अवसर पर झारखंड के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार ने हिमांशु को चयन की बधाई देते हुए कहा कि राज्य के खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं, जो झारखंड के लिए गौरव की बात है। खेल सचिव मनोज कुमार और खेल निदेशक शेखर जमुआर ने भी हिमांशु की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की और शुभकामनाएं दीं।  

भारत को हिमांशु से है उम्मीद 

झारखंड एथलेटिक्स संघ के चेयरमैन डॉ. मधुकांत पाठक, अध्यक्ष सी.डी. सिंह और सचिव एस.के. पांडे ने भी उन्हें स्मरणीय सफलता की शुभकामनाएं दीं। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि हिमांशु जैसे खिलाड़ियों से प्रदेश के युवा खेलों की ओर प्रेरित होंगे।  

बहरीन में आयोजित होने जा रहे एशियन यूथ गेम्स में एशिया के 40 से अधिक देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस प्रतियोगिता में भारत की टीम से बढ़ी उम्मीदें हैं, जिनमें हिमांशु जैसे प्रतिभाशाली युवा शामिल हैं।  

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *