झारखंड ने मनाया 26वां स्थापना दिवस, धरती आबा को किया नमन……………………….
1 min read

झारखंड ने मनाया 26वां स्थापना दिवस, धरती आबा को किया नमन……………………….

रिपोर्ट : रांची डेस्क

रांची: झारखंड रविवार, 15 नवंबर को अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर पूरे राज्य में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। राजधानी रांची सहित राज्य के सभी जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती भी मनाई गई। इस अवसर पर लोगों ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष, बलिदान और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए योगदान को याद किया। 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर झारखंड देश का 28वां राज्य बना था। अलग राज्य का सपना लंबे संघर्ष और आंदोलन के बाद साकार हुआ था। आज झारखंड अपनी समृद्ध आदिवासी संस्कृति, प्राकृतिक संसाधनों, खनिज संपदा और लोक परंपराओं के लिए देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है।

सभी 24 जिलों में निकली स्वच्छता दौड़
इस बार स्थापना दिवस पर विशेष रूप से स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। रांची में मोरहाबादी की बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ दौड़ निकाली गई। इसमें मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इसके साथ ही चडरी तालाब छठ घाट पर सफाई अभियान भी चलाया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों से पूर्वजों की विरासत, संस्कृति और पहचान को सुरक्षित रखते हुए समृद्ध झारखंड बनाने का संकल्प लेने की अपील की।

मुख्य समारोह 28 नवंबर को

छठ महापर्व को देखते हुए सरकार ने मुख्य स्थापना दिवस समारोह को 28 नवंबर तक के लिए निर्धारित किया है। रांची के खेलगांव में तीन दिवसीय मेला, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 26 साल के सफर में झारखंड ने अपनी अलग पहचान बनाई है। अब जरूरत है कि विकास, शिक्षा, रोजगार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के माध्यम से राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *