24 से 26 अक्टूबर तक बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में होगा दक्षिण एशिया का खेल महाकुंभ
रिपोर्ट:रांची डेस्क
रांची तैयार सैफ एथलेटिक्स चैंपियनशिप के स्वागत को
रांची। राजधानी रांची खेल उत्साह से सराबोर है। बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी इन दिनों अंतरराष्ट्रीय रंग में रंग चुका है। वजह है 4वीं साउथ एशियन एथलेटिक्स फेडरेशन (SAAF) सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 जो 24 से 26 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। आयोजन समिति की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं, वहीं खिलाड़ियों के आने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत समेत दक्षिण एशिया के छह देशों बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल और श्रीलंका के एथलीट हिस्सा लेंगे। करीब 300 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, कोच व तकनीकी अधिकारी इस खेल महोत्सव का हिस्सा बनेंगे।
मोरहाबादी स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर का रूप देने के लिए झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन और राज्य खेल विभाग की टीम सतत तैयारी में जुटी है।
उद्घाटन समारोह में दिखेगी दक्षिण एशिया की एकता
24 अक्टूबर की सुबह ध्वजारोहण के साथ चैंपियनशिप का भव्य उद्घाटन होगा। खेल प्रेमियों को इस दिन का बेसब्री से इंतज़ार है जब एथलेटिक्स ट्रैक पर दक्षिण एशिया के बेहतरीन धावक व खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष योजना बनाई है, वहीं खेल परिसर में अतिथियों के स्वागत हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी तैयारी चल रही है
भारतीय खिलाड़ियों में उत्साह चरम पर
भारतीय टीम के एथलीटों का जोश देखने लायक है। प्रतियोगिता से पहले अभ्यास सत्रों में सभी खिलाड़ी लगातार पसीना बहा रहे हैं।
भारतीय टीम के एथलीट अर्णव नितिन डागरे ने कहा, रांची की ठंडी हवा और दर्शकों का उत्साह हमें अतिरिक्त ऊर्जा दे रहा है। हम हर इवेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार हैं।
एथलीट उत्तम पाटिल ने जोड़ा, सैफ चैंपियनशिप हमारे लिए केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि देश के लिए गौरव लाने का अवसर है।
वहीं युवा खिलाड़ी प्रणव गौरव ने बताया,यह आयोजन रांची के लिए ऐतिहासिक क्षण है। इतने बड़े मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करना हमारे लिए गर्व की बात है।”
खेल विभाग और प्रशासन की सतर्क निगाह
राज्य खेल विभाग के अधिकारियों ने तैयारी का जायजा लिया है। बिरसा मुंडा स्टेडियम में ट्रैक की मरम्मत, इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम की जांच तथा एथलीट आगमन के लिए विशेष लॉजिस्टिक व्यवस्थाएं की गई हैं।
एयरपोर्ट से लेकर होटल और स्टेडियम तक सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह
रांची और आसपास के जिलों से दर्शक इस आयोजन को देखने के लिए उत्सुक हैं। टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है। खेल प्रेमियों का कहना है कि इतने बड़े स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिता पहली बार राजधानी में आयोजित हो रही है, जो झारखंड के लिए गौरव की बात है।
