जमशेदपुर में बच्चों से भरे CNG ऑटो में लगी भीषण आग…………………
रिपोर्ट : रांची डेस्क
जमशेदपुर : बिष्टुपुर-आदित्यपुर पुल गोलचक्कर के समीप बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे एक CNG ऑटो में अचानक आग लग गई। ऑटो में कई बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि आग विकराल रूप लेने से पहले ही चालक और स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी बच्चे के हताहत होने की सूचना नहीं है। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह CNG ऑटो बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। इसी दौरान बिष्टुपुर-आदित्यपुर पुल के गोलचक्कर के पास अचानक ऑटो में आग लग गई।

देखते ही देखते आग ने पूरे ऑटो को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। ऑटो में रखे बच्चों के स्कूल बैग भी आग की चपेट में आ गए और पूरी तरह जलकर राख हो गए। ऑटो में आग लगते ही चालक और आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन भी भागते हुए घटनास्थल पर पहुंचे। बच्चों को सुरक्षित देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि, इस हादसे में बच्चों की जान बच गई, लेकिन स्कूली बच्चों को ले जा रहे CNG ऑटो में आग लगने की घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और स्कूली वाहनों की फिटनेस पर सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल ऑटो में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।
