SIR: झारखंड में आज सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष कैंप, छूटे मतदाता फॉर्म-6 से जुड़वा सकेंगे नाम…………………..
1 min read

SIR: झारखंड में आज सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष कैंप, छूटे मतदाता फॉर्म-6 से जुड़वा सकेंगे नाम…………………..

रिपोर्ट : रांची डेस्क

रांची. विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित रह गये पात्र नागरिकों को निर्वाचन आयोग एक और अवसर देगा. इसके लिए 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक विशेष कैंप लगाया जायेगा. इस दौरान बीएलओ-बीएलए-2 की छठी और अंतिम बैठक के साथ चुनाव पाठशाला भी आयोजित होगी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रविकुमार ने मंगलवार को इसकी जानकारी देते हुए सभी पात्र नागरिकों से कैंप का लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने बताया कि कैंप में मुख्य रूप से तीन श्रेणियों के मतदाताओं पर विशेष ध्यान दिया जायेगा.

एएसडीडी सूची में नाम होने पर भी मिलेगा मौका

पहली श्रेणी में एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट) सूची में शामिल ऐसे पात्र नागरिक होंगे, जिनका नाम किसी कारणवश इस सूची में दर्ज हो गया है. ऐसे नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 अथवा इन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर सकेंगे.

दस्तावेज नहीं देने वाले मतदाताओं और युवाओं पर फोकस

दूसरी श्रेणी में नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी और अन्य श्रेणियों के ऐसे मतदाता शामिल होंगे, जिन्हें निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (इआरओ) स्तर से सुनवाई के दौरान दो बार नोटिस जारी किया गया है. घर-घर सत्यापन भी हो चुका है, लेकिन अब तक जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराये गये हैं. ऐसे मतदाताओं की सूची संबंधित मतदान केंद्रों पर उपलब्ध करायी जायेगी.
तीसरी श्रेणी में वैसे युवा मतदाता होंगे, जिन्होंने एक अक्तूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, लेकिन अब तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं कराया है. ऐसे युवाओं से फॉर्म-6 प्राप्त कर मतदाता सूची में नाम जोड़ने की कार्रवाई की जायेगी.

कोई पात्र नागरिक नाम दर्ज कराने से न छूटे : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रविकुमार ने कहा कि एसआइआर के तहत यह बीएलओ-बीएलए-2 की छठी और अंतिम बैठक है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे. उन्होंने पात्र नागरिकों से संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *