रांची से ISIS संदिग्ध की गिरफ्तारी, दिल्ली के केस में था वांटेड
रिपोर्ट:-रांची डेस्क••••••
रांची। राजधानी रांची के इस्लामनगर इलाके से मंगलवार देर रात एटीएस और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की संयुक्त टीम ने ISIS से जुड़ाव के शक में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान असहर दानिश के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बोकारो जिले के पेटरवार का रहने वाला है।
दिल्ली में दर्ज था केस
सूत्रों के अनुसार, असहर दानिश के खिलाफ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पहले ही एक संगीन मामला दर्ज कर रखा था। यह केस साल 2022 के दौरान तब दर्ज हुआ था, जब दिल्ली और आसपास के कुछ युवाओं को ऑनलाइन माध्यम से ISIS की विचारधारा फैलाने और लोगों को कट्टरपंथ की ओर झुकाने की कोशिशों का भंडाफोड़ हुआ था। उस समय दिल्ली पुलिस ने कई नाम चिन्हित किए थे, जिनमें असहर दानिश का नाम भी सामने आया था।
क्या है आरोप 
उस पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और कुछ एन्क्रिप्टेड मैसेंजर ऐप्स के जरिये कट्टरपंथी संगठनों की सामग्री साझा की और युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश की। जांच में आतंकी संगठन से जुड़े डिजिटल सबूत और बातचीत के रिकॉर्ड भी सामने आए थे। इसी आधार पर दिल्ली में उसके खिलाफ यूएपीए और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
लंबे समय से थी तलाश
दिल्ली स्पेशल सेल को उस समय असहर दानिश की लोकेशन को लेकर पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई थी। कई महीनों तक उसकी तलाश के बाद यह इनपुट मिला कि वह रांची के इस्लामनगर इलाके में छिपकर रह रहा है। इनपुट सत्यापित होने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम ने झारखंड एटीएस के सहयोग से उसे दबोच लिया।
आगे की जांच
गिरफ्तारी के बाद सुरक्षाबलों को कई अहम सुराग मिले हैं। सूत्रों का कहना है कि असहर दानिश के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से जब्त की गई सामग्री का अध्ययन किया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश में हैं कि उसने स्थानीय स्तर पर किसी नए नेटवर्क को तैयार तो नहीं किया और क्या उसके किसी विदेशी लिंक से सीधे संपर्क थे।फिलहाल असहर दानिश को कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जाने की तैयारी की जा रही है, जहां उसके खिलाफ दर्ज केस में विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
