घाटशिला में गठबंधन प्रत्याशी की जीत का दावा कांग्रेस ने झारखंड में बनाई रणनीति, बिहार में सरकार गठन को लेकर भी जताया भरोसा
रिपोर्ट:रांची डेस्क
रांची/घाटशिला झारखंड की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। कांग्रेस ने शनिवार को घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। पार्टी नेताओं ने कहा कि घाटशिला सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की परंपरागत सीट रही है और इस बार भी गठबंधन प्रत्याशी सोमेश सोरेन की जीत निश्चित है।
कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि घाटशिला की जनता का झामुमो और कांग्रेस गठबंधन के प्रति गहरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि यह सीट स्वर्गीय रामदास सोरेन की रही है, जिन्होंने क्षेत्र में विकास के कई कार्य किए थे। जनता आज भी उनके कामों को याद करती है, और उसी भरोसे के साथ उनके पुत्र सोमेश सोरेन को समर्थन देगी।
सोमनाथ मुंडा ने आगे कहा
रामदास सोरेन ने अपने कार्यकाल में जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दी। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में उन्होंने जो काम किए, वह आज भी लोगों के दिल में बसते हैं। निश्चित तौर पर घाटशिला की जनता उनके बेटे सोमेश सोरेन को अपना मत देगी और गठबंधन प्रत्याशी की ऐतिहासिक जीत होगी।
बिहार में भी सरकार गठन का दावा
कांग्रेस नेता ने बिहार की राजनीति को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि बिहार में गठबंधन दलों के बीच आपसी तालमेल मजबूत है और आगामी चुनावों में गठबंधन की सरकार बनना तय है।
बिहार में जनता परिवर्तन चाहती है। कांग्रेस, राजद और वामदलों का गठबंधन जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगा मुंडा नेकहा।
घाटशिला में चुनावी माहौल गर्म
घाटशिला उपचुनाव की घोषणा के बाद से ही इलाके का राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। झामुमो–कांग्रेस गठबंधन जहां एकजुट होकर मैदान में है, वहीं विपक्षी दल भी अपनी रणनीति पर काम कर रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर जनसभाओं और जनसंपर्क अभियानों की गति तेज हो चुकी है। सोमेश सोरेन लगातार ग्रामीण इलाकों का दौरा कर अपने पिता के अधूरे कार्यों को पूरा करने का संकल्प जता रहे हैं।
जनता की राय
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वे विकास और स्थायित्व चाहते हैं। कई ग्रामीणों ने बताया कि स्वर्गीय रामदास सोरेन के समय में क्षेत्र में सड़क, बिजली और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हुए थे, इसलिए वे उनके बेटे से भी ऐसी ही उम्मीदें रखते हैं।
