जाना था जापान, पहुंच गए चीन भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कसा तंज
रिपोर्ट:रांची डेस्क
रांची: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने युवा कांग्रेस के हालिया प्रदर्शन पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं की दिशा और समझ दोनों ही ग़लत दिशा में जा रही है।
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि युवा कांग्रेस को चुनाव आयोग के खिलाफ कथित “वोट चोरी” के आरोपों पर धरना देना था, लेकिन वे राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय पहुंच गए — जो केवल पंचायती और नगर निकाय चुनाव कराने के लिए जिम्मेदार इकाई है।उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “जाना था जापान, पहुंच गए चीन यही हाल है कांग्रेस की युवा ब्रिगेड का। जिनका नेतृत्व राहुल बाबा जैसे व्यक्ति कर रहे हों, जो ‘आलू से सोना’ बनाने की बात करते हैं, उनसे उनके कार्यकर्ताओं की समझ पर क्या उम्मीद की जा सकती है।”
भाजपा ने कांग्रेस पर लगाया राजनीतिक नौटंकी का आरोप
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि युवा कांग्रेस का यह प्रदर्शन जनता को गुमराह करने और भ्रम फैलाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह केवल राजनीतिक नौटंकी के सहारे सुर्खियों में बने रहना चाहती है।प्रतुल शाहदेव ने आगे कहा, “कांग्रेस अपने नेताओं की असफलता और जनता में घटती पकड़ को छिपाने के लिए इस तरह के हास्यास्पद प्रदर्शन कर रही है। यह धरना कांग्रेस की राजनीतिक अपरिपक्वता का प्रमाण है।”
युवा कांग्रेस का पक्ष
वहीं, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा प्रवक्ता के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को अपनी सरकार की नाकामियों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा धरना लोकतांत्रिक अधिकार है और इसका उद्देश्य राज्य में निष्पक्ष चुनाव की मांग उठाना था।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज
प्रतुल शाहदेव के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर “जाना था जापान, पहुंच गए चीन” वाक्य खूब वायरल हो रहा है। भाजपा समर्थक जहां इस बयान को कांग्रेस पर सटीक व्यंग्य बता रहे हैं, वहीं कांग्रेस समर्थक इसे भाजपा की हताशा का प्रतीक मान रहे हैं।
