बोकार में आईआरबी जवान की गोली मारकर हत्या, छठ मनाने छुट्टी पर आया
1 min read

बोकार में आईआरबी जवान की गोली मारकर हत्या, छठ मनाने छुट्टी पर आया

रिपोर्ट:रांची डेस्क 

बोकारो, मंगलवारछठ पर्व की खुशियां शुरू होने से ठीक पहले बोकारो जिले में एक दर्दनाक वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। चास थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी स्थित गायघाट में सोमवार देर शाम आपसी विवाद के दौरान भारतीय रिज़र्व बटालियन (आईआरबी) के जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक जवान की पहचान गिरिडीह में तैनात अजय यादव उर्फ सोनू के रूप में हुई है।

छठ पर्व मनाने आया था

जानकारी के अनुसार, अजय यादव छठ पर्व मनाने के लिए छुट्टी लेकर अपने घर बोकारो के चास यदुवंश नगर आया हुआ था। बताया जाता है कि सोमवार की शाम किसी आपसी विवाद के दौरान गोलीबारी की घटना हुई जिसमें अजय यादव के पेट में गोली लगी। स्थानीय लोगों ने घायल जवान को तुरंत बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर काम कर रही है।

शांत स्वभाव का था अजय

मृतक अजय यादव आईआरबी में पदस्थापित था और अपनी ईमानदार व शांत स्वभाव के लिए पहचान रखता था। वारदात की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और स्थानीय लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी पुष्टि हो सकेगी। इधर, चास और आसपास के इलाकों में इस घटना को लेकर आक्रोश का माहौल है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *