बोकारो में आईआरबी जवान की गोली मारकर हत्या, छठ मनाने छुट्टी पर आया था जवान
1 min read

बोकारो में आईआरबी जवान की गोली मारकर हत्या, छठ मनाने छुट्टी पर आया था जवान

रिपोर्ट:रांची डेस्क

बोकारो, छठ पर्व की खुशियां शुरू होने से ठीक पहले बोकारो जिले में एक दर्दनाक वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। चास थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी स्थित गायघाट में सोमवार देर शाम आपसी विवाद के दौरान भारतीय रिज़र्व बटालियन (आईआरबी) के जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक जवान की पहचान गिरिडीह में तैनात अजय यादव उर्फ सोनू के रूप में हुई है।

छुट्टी लेकर आया था छठ मनाने 

जानकारी के अनुसार, अजय यादव छठ पर्व मनाने के लिए छुट्टी लेकर अपने घर बोकारो के चास यदुवंश नगर आया हुआ था। बताया जाता है कि सोमवार की शाम किसी आपसी विवाद के दौरान गोलीबारी की घटना हुई जिसमें अजय यादव के पेट में गोली लगी। स्थानीय लोगों ने घायल जवान को तुरंत बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना स्थल से 2 खोखे बरामद 

घटना की सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर काम कर रही है।

मृतक अजय यादव आईआरबी में पदस्थापित था और अपनी ईमानदार व शांत स्वभाव के लिए पहचान रखता था। वारदात की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और स्थानीय लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी पुष्टि हो सकेगी। इधर, चास और आसपास के इलाकों में इस घटना को लेकर आक्रोश का माहौल है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *