बांकीपुर उपचुनाव में बढ़त पर बोले प्रशांत किशोर, कहा- यह जनता का संदेश, बिहार को चाहिए बेहतर नेतृत्व
पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बढ़त मिलने के बाद जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने इसे जनता की जीत बताते हुए कहा कि यह चुनाव केवल विधायक चुनने का नहीं, बल्कि बिहार की जनता की ओर से भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को संदेश देने का माध्यम था।
प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की जनता ऐसे मुख्यमंत्री को नहीं चाहती जिसकी छवि, चरित्र या पृष्ठभूमि पर सवाल हों। राज्य को ऐसा नेतृत्व चाहिए जो शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करे और पलायन की समस्या को खत्म करने की दिशा में काम करे।
उन्होंने कहा कि बिहार के बच्चों को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। राज्य को वास्तविक विकास और सुशासन की जरूरत है।
‘विकास ही हमारा उद्देश्य’
जन सुराज प्रमुख ने कहा कि उनकी राजनीति का उद्देश्य केवल विधायक बनना या ठेके दिलाना नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य बिहार का विकास है।
उन्होंने भाजपा नेतृत्व से भी अपील करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा और अमित शाह को बिहार में शिक्षा, रोजगार और पलायन जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम करना चाहिए।
प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की जनता अच्छे नेतृत्व और वास्तविक विकास की उम्मीद कर रही है और जन सुराज इसी उद्देश्य के साथ आगे बढ़ रहा है।
