रांची में आज से शुरू होगा JIASOWA दिवाली मेला 2026, देशभर के उत्पादों से सजेगा मोरहाबादी मैदान……………………………
रिपोर्ट : रांची डेस्क
रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आज, 29 अक्टूबर JIASOWA दिवाली मेला 2026 का शुभारंभ चीफ सेक्रेटरी अविनाश कुमार के द्वारा किया जाना है। दिवाली के त्योहार को लेकर आयोजित इस मेले में खरीदारी, हस्तशिल्प और विभिन्न राज्यों के पारंपरिक उत्पादों की खास झलक देखने को मिलेगी। मेले को लेकर लोगों में उत्साह है। मेले में देश के विभिन्न राज्यों से दुकानदार अपने उत्पादों के साथ पहुंच रहे हैं। यहां लोगों को घरेलू उपयोग की वस्तुएं, सजावटी सामान, हस्तशिल्प, कपड़े और त्योहार से जुड़ी कई तरह की चीजें खरीदने का अवसर मिलेगा। अलग-अलग राज्यों की संस्कृति और स्थानीय उत्पाद भी मेले के आकर्षण का केंद्र रहेंगे

स्वदेशी उत्पादों और महिला उद्यमियों को मिलेगा मंच
JIASOWA दिवाली मेले का उद्देश्य खरीदारी के साथ-साथ स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों और महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए मंच उपलब्ध कराना भी है। इस तरह के आयोजन से छोटे व्यवसायों को प्रोत्साहन मिलता है और लोगों को एक ही जगह पर विभिन्न राज्यों के उत्पाद देखने और खरीदने का मौका मिलता है।
पांच दिनों तक चलेगा मेला
29 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस मेले में लोग परिवार के साथ पहुंचकर त्योहार की खरीदारी कर सकते हैं। मोरहाबादी मैदान में लगने वाला यह मेला दिवाली के उत्साह को और खास बनाने के साथ-साथ रांची के लोगों के लिए खरीदारी का एक प्रमुख आकर्षण बनने की उम्मीद है।
