खड़गे के बयान पर रांची में BJP का कांग्रेस कार्यालय घेराव, दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने…………………..
1 min read

खड़गे के बयान पर रांची में BJP का कांग्रेस कार्यालय घेराव, दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने…………………..

रिपोर्ट : रांची डेस्क

रांची : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को लेकर झारखंड की राजधानी रांची में सोमवार को सियासी माहौल गरमा गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और जमकर नारेबाजी हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता जुलूस के रूप में कांग्रेस भवन पहुंचे। भाजपा नेताओं ने खड़गे के बयान पर नाराजगी जताते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा के विरोध में नारे लगाए, जिससे कार्यालय के बाहर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय के आसपास बैरिकेडिंग की और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त जवानों को तैनात किया। कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक हुई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। विवाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पटना में दिए गए एक बयान के बाद शुरू हुआ। भाजपा ने उनकी टिप्पणी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के प्रति अपमानजनक बताते हुए विरोध जताया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि राजनीतिक विरोध के दौरान भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। पार्टी ने खड़गे से अपने बयान पर माफी मांगने की मांग की। दूसरी ओर, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा के प्रदर्शन का विरोध किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *