JPSC Scam: धनबाद में भी CID की दबिश, कोचिंग सेंटरों और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी
1 min read

JPSC Scam: धनबाद में भी CID की दबिश, कोचिंग सेंटरों और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी

धनबाद: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा में कथित गड़बड़ी और OMR शीट से छेड़छाड़ मामले की जांच कर रही सीआईडी (CID) ने सोमवार को धनबाद में भी बड़ी कार्रवाई की। राज्यभर में चल रहे अभियान के तहत सीआईडी की टीम ने सरायढेला थाना क्षेत्र समेत शहर के कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।

कोचिंग संचालकों और संदिग्धों के ठिकानों पर जांच

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी की नजर परीक्षा में कथित सेटिंग कराने वाले बिचौलियों और कुछ कोचिंग नेटवर्क पर है। इसी कड़ी में सीआईडी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले कुछ कोचिंग संस्थानों के संचालकों के आवास और कार्यालयों पर दबिश दी। टीम ने परीक्षा से जुड़े दस्तावेज, मोबाइल फोन, डिजिटल डाटा और कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। इस दौरान कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई।

आधिकारिक बयान का इंतजार

फिलहाल सीआईडी की ओर से धनबाद में हुई छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, कार्रवाई की खबर फैलते ही शहर के कोचिंग संस्थानों और प्रतियोगी परीक्षा से जुड़े लोगों के बीच हलचल बढ़ गई है। सभी की नजर अब जांच एजेंसी के अगले खुलासे पर टिकी है।

राज्यभर में चल रहा अभियान

गौरतलब है कि JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के तहत सीआईडी राज्य के 20 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। मामले में अब तक 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि कई अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। वहीं, आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से भी सीआईडी लगातार पूछताछ कर रही है।

यह भी पढ़े – JPSC Scam: धनबाद में भी CID की दबिश, कोचिंग सेंटरों और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *