6 अगस्त को विधानसभा घेराव की तैयारी में छात्र, जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों का बड़ा प्रदर्शन संभव
रांची: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन 6 अगस्त को जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थी विधानसभा घेराव की तैयारी में हैं। सूत्रों के अनुसार, राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र उस दिन रांची पहुंचकर विधानसभा का घेराव करने की योजना बना रहे हैं।
छात्र पिछले कई दिनों से भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, भ्रष्टाचार, समय पर छात्रवृत्ति नहीं मिलने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। अभ्यर्थी 25 जुलाई से मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में अनिश्चितकालीन सत्याग्रह पर बैठे हैं।
आंदोलन के तहत 29 जुलाई को छात्रों ने बापू वाटिका से अलबर्ट एक्का चौक तक पैदल मार्च निकालकर संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया था। वहीं 30 जुलाई को आजसू छात्र संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्रों ने मोरहाबादी से लोक भवन तक पदयात्रा कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
सूत्रों का कहना है कि 6 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव में राज्यभर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, लंबित छात्रवृत्तियों का भुगतान और शिक्षा व्यवस्था में सुधार शामिल हैं।
यह भी पढ़े – झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026: स्टॉल लगाने के लिए आवेदन आमंत्रित, 3 अगस्त तक करें आवेदन
