हजारीबाग में हाथी का हमला: शौच के लिए जंगल गए बुजुर्ग की मौत, परिजनों को ₹1 लाख की तत्काल सहायता
1 min read

हजारीबाग में हाथी का हमला: शौच के लिए जंगल गए बुजुर्ग की मौत, परिजनों को ₹1 लाख की तत्काल सहायता

हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में जंगली हाथी के हमले में एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार सुबह शौच के लिए जंगल गए 71 वर्षीय शंकर पंडित पर एक भटके हुए हाथी ने हमला कर दिया और उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

यह घटना बरही वन क्षेत्र के बेदमकी गांव की है। बताया जा रहा है कि शंकर पंडित सुबह घर से पास के जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान अपने झुंड से बिछड़े एक जंगली हाथी का सामना उनसे हो गया। हाथी ने अचानक हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिवार में पसरा मातम

मृतक शंकर पंडित अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और छह बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

तत्काल मिली ₹1 लाख की सहायता

बरही रेंज के बीट प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 1 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। शेष 9 लाख रुपये का मुआवजा आवश्यक सरकारी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार की नीति के अनुसार, जंगली जानवरों के हमले में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर पीड़ित परिवार को कुल 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाता है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जिन क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही की सूचना मिले, वहां सतर्क रहें और अकेले जंगल या सुनसान इलाकों में जाने से बचें।

यह भी पढ़े – झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026: स्टॉल लगाने के लिए आवेदन आमंत्रित, 3 अगस्त तक करें आवेदन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *