झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026: स्टॉल लगाने के लिए आवेदन आमंत्रित, 3 अगस्त तक करें आवेदन
रांची: झारखंड सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय (IPRD) ने झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026 के आयोजन के लिए विभिन्न सरकारी विभागों, एजेंसियों, स्वयंसेवी संस्थाओं (NGO), सहकारी समितियों तथा निजी संस्थानों से स्टॉल लगाने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
निदेशालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, यह महोत्सव अगस्त माह के दूसरे सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में आदिवासी समाज की संस्कृति, कला, शिल्प, पारंपरिक उत्पाद, व्यंजन, साहित्य (बुक स्टॉल), निजी उद्यम, कल्याणकारी योजनाओं, अनुसंधान, सांस्कृतिक प्रचार-प्रसार, फोटोग्राफी एवं पेंटिंग से जुड़े कलाकारों और संस्थाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा उत्पादों की प्रदर्शनी-सह-बिक्री का अवसर मिलेगा।
3 अगस्त तक जमा कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक प्रतिभागियों को 3 अगस्त 2026 तक शाम 5 बजे तक अपना आवेदन जमा करना होगा। आवेदन सूचना भवन, मेन रोड, रांची स्थित प्रेस कक्ष में जमा किया जा सकता है। इसके अलावा आवेदन iprdam1@gmail.com ईमेल आईडी पर भी भेजे जा सकते हैं।
स्टॉल होंगे निःशुल्क
विज्ञापन के अनुसार, चयनित प्रतिभागियों को निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे। हालांकि, स्टॉल आवंटन का अंतिम अधिकार सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय के पास सुरक्षित रहेगा।
आवेदन में देनी होगी ये जानकारी
आवेदन पत्र में संस्था या संगठन का नाम, कार्यकारी प्रमुख का नाम, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, प्रस्तावित स्टॉल का विषय तथा जनजातीय विषय से संबंधित संक्षिप्त विवरण देना अनिवार्य होगा।
अधिक जानकारी के लिए करें संपर्क
आवेदन प्रक्रिया और अन्य जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी 9123135976 एवं 7004067630 पर संपर्क कर सकते हैं।
झारखंड सरकार का उद्देश्य इस महोत्सव के माध्यम से राज्य की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और जनजातीय विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना तथा कलाकारों, उद्यमियों और संस्थाओं को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।
यह भी पढ़े – झारखंड में खराब प्रदर्शन करने वाली पैथोलॉजी एजेंसियों पर कार्रवाई, सेवाएं होंगी समाप्त
