बिस्टुपुर में गरबे की धूम, सरयू राय बने मुख्य अतिथि
रिपोर्ट रची डेस्क••••••
जमशेदपुर। नवरात्रि के मौके पर बिस्टुपुर में रंगारंग गरबा नृत्य का आयोजन किया गया। राउंड टेबल इंडिया की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में महिलाओं ने जमकर गरबा नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को उल्लासमय बना दिया।
मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजकों को इस सांस्कृतिक पहल के लिए बधाई दी और कहा कि ऐसे आयोजन न केवल सामाजिक समरसता को बढ़ाते हैं बल्कि परंपराओं को भी जीवित रखते हैं।
सामाजिक सरोकार से जुड़ा आयोजन
राउंड टेबल इंडिया के प्रेसिडेंट विवेक नरेड़ी और ऋषभ अग्रवाल ने बताया कि इस गरबा महोत्सव से एकत्र की गई धनराशि को समाज की मुख्यधारा से वंचित बच्चों की शिक्षा पर खर्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग कक्षाओं के निर्माण, आधारभूत संरचना के विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था के लिए किया जाएगा।
राउंड टेबल इंडिया एक राष्ट्रीय स्तर का गैर-राजनीतिक और गैर-धार्मिक युवा संगठन है, जो शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत है। संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर तबकों के बच्चों तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाना है।
सांस्कृतिक और सामाजिक समन्वय
इस गरबा आयोजन में शहर की महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों और संगीत की धुनों ने पूरे पंडाल का माहौल उत्साहपूर्ण कर दिया। उपस्थित लोगों ने न केवल धार्मिक उत्सव का आनंद लिया बल्कि समाजसेवा में अपना योगदान देने पर भी गर्व महसूस किया।
