बोकारो थर्मल में भव्य रूप से व्यायामशाला का उद्घाटन स्वस्थ शरीर और मन के लिए बड़ा कदम
रिपोर्ट:-रांचीडेस्क••••••
बोकारो। दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) बोकारो थर्मल परिवार की ओर से आम लोगों के स्वास्थ्य और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए विवेकानन्द ग्राउंड परिसर में एक भव्य व्यायामशाला का शुभारंभ किया गया।
विधिवत पूजा अर्चना कर के उद्घाटन हुआ
उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चारण के साथ हुई, जिसे पुरोहित महेश पांडे ने संपन्न कराया। इसके बाद मुख्य अतिथि परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया तथा गोविंदपुर डी पंचायत की मुखिया चंदना मिश्रा ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर व्यायामशाला का उद्घाटन किया।
अरजरिया ने दी बड़ी सौगात
परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि विवेकानन्द ग्राउंड सुबह और शाम के समय महिलाओं, पुरुषों और बच्चों से गुलजार रहता है। यहां आने वाले सैकड़ों लोग मॉर्निंग वॉक और व्यायाम करते हैं। इन्हीं लोगों को ध्यान में रखते हुए इस व्यायामशाला की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा, व्यायाम शरीर और मस्तिष्क दोनों को स्वस्थ रखने का एक उत्तम माध्यम है। इस छोटे से प्रयास से ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ मिल सके, यही उद्देश्य है।
पहल की सराहना
कार्यक्रम में मुखिया चंदना मिश्रा ने डीवीसी बोकारो थर्मल की इस पहल की भरपूर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा किया गया यह प्रयास आमजन के स्वास्थ्य और समाज दोनों ही दृष्टियों से सराहनीय है।
मो.सरफराज ने कहा
असैनिक विभाग के उप प्रबंधक मो. सरफराज ने व्यायामशाला को सुरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जितना अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठाएंगे, उतना ही यह प्रयास सफल होगा। साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि बहुत जल्द बच्चों के मनोरंजन और शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए परिसर में एक चिल्ड्रन पार्क बनाने की योजना भी है।
सामाजिक भागीदारी
कार्यक्रम के दौरान मो. रहमान, विनय कुमार, मो. शाहिद, सुशील कुमार, रत्नेश शर्मा, किशोर ठाकुर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने नई व्यायामशाला को आम जनता के लिए स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए बधाई दी।
