मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से दुर्गा पूजा समितियों का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल मिला, आयोजन की तैयारियों पर हुई चर्चा
रिपोर्ट:-रांची डेस्क••••••
रांची, 10 सितंबर 2025 मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय कांके रोड रांची में मंगलवार को महानगर दुर्गा पूजा समिति, जिला दुर्गा पूजा समिति और श्री महावीर मंडल रांची का एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मिला। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आगामी दुर्गोत्सव-2025 की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की और मुख्यमंत्री को सपरिवार पूजा पंडालों में आमंत्रित किया।
समितियों ने की राज्य सरकार व प्रशासन की सराहना
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि उनके नेतृत्व में हर वर्ष दुर्गा पूजा समितियों को राज्य सरकार और जिला प्रशासन का पूरा सहयोग मिलता रहा है। विद्युत आपूर्ति, जलापूर्ति और सफाई व्यवस्था जैसे अहम बिंदुओं पर समय रहते कार्रवाई की जाती रही है। इस बार भी रांची एवं आसपास के इलाकों में लगभग 157 बड़े और छोटे पूजा पंडालों की तैयारी अंतिम चरण में है।
समिति प्रतिनिधियों ने कहा कि बीते वर्षों में मुख्यमंत्री से निर्विघ्न आयोजनों के पूर्व मिलने की परंपरा बनी है, जिससे समस्याओं के समाधान में सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। मौके पर पूजा समितियों ने मुख्यमंत्री को मां दुर्गा की प्रतिमा, चुनरी और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री बोले: दुर्गा पूजा समितियों को मिलेगा पूरा सहयोग
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि हर साल की तरह इस वर्ष भी सभी पूजा समितियों को सरकार की ओर से पूरा सहयोग प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और आयोजन समितियों के बीच बेहतर समन्वय और तालमेल से शांतिपूर्ण वातावरण में दुर्गोत्सव संपन्न कराया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी को दुर्गा पूजा की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।
रांची को मॉडल शहर बनाने पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार रांची को मॉडल शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर दिया कि शहर की साफ-सफाई और सुंदरीकरण पर विशेष कार्ययोजना बनाकर तेजी से कार्य हो रहा है। आम जनता की भागीदारी को भी सरकार ने आवश्यक बताया ताकि रांची की पहचान देशभर में एक खूबसूरत और स्वच्छ शहर के रूप में हो सके।
बैठक में रही प्रशासन व समितियों की मौजूदगी
मुलाकात के दौरान रांची के उपायुक्त श्री मंजुनाथ भजंत्री, डीआईजी-सह-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री चंदन कुमार सिन्हा उपस्थित रहे। वहीं महानगर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष डॉ. अजीत सहाय, जिला दुर्गा पूजा समिति अध्यक्ष विक्की यादव, महावीर मंडल अध्यक्ष जय सिंह यादव, एचईसी समिति संरक्षक सागर कुमार, और समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी अशोक चौधरी, प्रदीप राय बाबू, रवींद्र वर्मा, शंभू सिंह, समीर सिंह समेत कई अन्य सदस्य शामिल हुए।
