
रांची पुलिस को बड़ी सफलता,करोड रुपए जाली नोट बरामद
रांची:रांची पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2 करोड़ रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार से नकली नोटों की एक बड़ी खेप रांची लाई जा रही है। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने सुखदेवनगर इलाके में छापेमारी की।
डीआईजी सह एसएसपी रांची, चंदन कुमार सिन्हा को मिली सूचना पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में एक टीम बनाई। पुलिस को जानकारी मिली थी कि बिहार से आने वाली चंद्रलोक बस से जाली नोट लाए जा रहे हैं।
पुलिस ने रातू रोड बस स्टैंड के पास इस बस पर नजर रखनी शुरू की। जैसे ही बस पहुंची, कुछ लोग कार्टन में रखे जाली नोटों को बस से उतारकर एक कार में रखने लगे। पुलिस ने मौके पर ही उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। जब कार्टन को खोला गया, तो उसमें से 500 रुपये के 42 बंडल बरामद हुए। ये सभी नोट जाली थे। बरामद किए गए जाली नोटों की कुल कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके। यह रांची पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है।