1 min read

कोडरमा सिविल सर्जन पर नाबालिग ने लगाया यौन शोषण का आरोप………………….

रिपोर्ट : रांची डेस्क

कोडरमा: नाबालिग लड़की से यौन शोषण के आरोप में कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ.अनिल कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. एक आदिवासी नाबालिग लड़की ने सिविल सर्जन पर यौन शोषण का आरोप लगाया है. जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है. एसपी कुमार शिवाशीष ने इसकी पुष्टि की है. दरअसल, नाबालिग इलाज के लिए डॉ. अनिल कुमार के प्राइवेट क्लिनिक गई थी, जहां वह उनके संपर्क में आई. पीड़िता का आरोप है कि डॉ. अनिल कुमार ने उसे झांसे में लेकर कई बार उसका यौन शोषण किया. जिसके बाद उसने इस मामले में ऑनलाइन FIR दर्ज कराई. बाद में, कोडरमा महिला पुलिस थाना में सिविल सर्जन के खिलाफ औपचारिक FIR दर्ज की गई. जानकारी के मुताबिक, पीड़िता का बयान बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने भी दर्ज किया गया है. एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस शनिवार रात डॉ. अनिल कुमार के उरवान स्थित उनके फार्महाउस पहुंची. जहां से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. वहां से उन्हें पूछताछ के लिए तिलैया डैम थाना ले जाया गया. पुलिस ने पीड़िता से भी पूछताछ की. जिसने घटना के संबंध में कई अहम जानकारी दी है.

सिविल सर्जन को भेजा गया जेल

महिला थाना में सिविल सर्जन से पूछताछ और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. मेडिकल जांच के बाद, पुलिस ने सिविल सर्जन को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया और जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.एसपी कुमार शिवाशीष ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि एक आदिवासी नाबालिग लड़की ने सिविल सर्जन के खिलाफ यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराई थी. जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. पूरे मामले की जांच चल रही है. गौरतलब हो कि कोडरमा के सिविल सर्जन की उम्र 65 साल है और अगले साल वह रिटायर होने वाले थे. सिविल सर्जन के तौर पर अपनी भूमिका के अलावा, वह एक प्राइवेट क्लिनिक और अल्ट्रासाउंड का भी संचालन करते थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *