कोडरमा में बड़ी कार्रवाई: पाकिस्तानी आतंकी का वीडियो शेयर कर युवाओं को भड़काने के आरोप में 6 गिरफ्तार
1 min read

कोडरमा में बड़ी कार्रवाई: पाकिस्तानी आतंकी का वीडियो शेयर कर युवाओं को भड़काने के आरोप में 6 गिरफ्तार

कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले में पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित आतंकी मौलाना मसूद अजहर का वीडियो साझा कर युवाओं को कथित रूप से भड़काने और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने का आरोप है।

यह कार्रवाई सोमवार को सतगावां थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में की गई। गिरफ्तार लोगों में एक युवती भी शामिल है। कोडरमा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुमार शिवाशीष ने कार्रवाई की पुष्टि की है।

ये लोग हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरशद महफूज (22), जहांगीर आलम (50), मोहम्मद शहादत (45), मोहम्मद आसिफ (20), मोहम्मद शमशेर आलम उर्फ शाहिल (26) और मुस्कान परवीन (20) के रूप में हुई है।

आईबी इनपुट के बाद हुई छापेमारी

जानकारी के अनुसार, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) को इनपुट मिला था कि माधोपुर गांव के कुछ लोग इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कथित रूप से देश विरोधी सामग्री साझा कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर विशेष टीम ने छापेमारी की। पहले पांच लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि पूछताछ के आधार पर बाद में एक युवती को भी गिरफ्तार किया गया।

आतंकी कनेक्शन की जांच जारी

पुलिस और जांच एजेंसियां सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं। उनके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया गतिविधियों और संभावित आतंकी नेटवर्क से संबंधों की जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

क्या करते हैं आरोपी?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार मुस्कान परवीन बच्चों को पढ़ाती है। मोहम्मद शहादत गांव में किराना दुकान चलाता है, जबकि जहांगीर आलम मुर्गा बेचने का काम करता है। अन्य आरोपियों में एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालक भी शामिल है, जबकि कुछ युवक सोशल मीडिया पर सक्रिय बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़े – LPG उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर: 16 अगस्त तक करा लें e-KYC, नहीं तो रुक सकती है गैस सब्सिडी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *