JPSC-JSSC आंदोलन को मिला अभिजीत दीपके का समर्थन, स्वास्थ्य ठीक होते ही झारखंड आने का किया ऐलान
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन को अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का भी समर्थन मिल गया है। पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके ने आंदोलनरत छात्रों से बातचीत कर उनके संघर्ष का समर्थन किया और स्वास्थ्य ठीक होते ही झारखंड आने का ऐलान किया।
एक समाचार एजेंसी से बातचीत में अभिजीत दीपके ने कहा कि उनकी रविवार रात छात्रों से बातचीत हुई थी। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे उनके साथ हैं और आंदोलन जारी रखें।
‘स्वास्थ्य ठीक होते ही झारखंड आऊंगा’
अभिजीत दीपके ने कहा कि वह जल्द ही झारखंड आकर आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने बताया कि फिलहाल उन्हें टायफाइड है, जिसके कारण यात्रा करने में परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा, “मेरी कल रात छात्रों से बात हुई। मैंने उन्हें भरोसा दिलाया कि हम आपके साथ हैं। जैसे ही मेरी तबीयत ठीक होगी, मैं झारखंड आऊंगा। अभी टायफाइड होने के कारण यात्रा करना संभव नहीं है।”
वीडियो कॉल के जरिए छात्रों से जुड़े
जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम अभिजीत दीपके वीडियो कॉल के माध्यम से आंदोलनरत छात्रों से जुड़े। इस दौरान उन्होंने उनकी मांगों का समर्थन करते हुए रांची आने का आश्वासन दिया।
क्या हैं छात्रों की प्रमुख मांगें?
JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे छात्र 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने, JSSC की कथित विवादित परीक्षाओं को निरस्त करने, TDPL और अभय तिवारी से जुड़े सभी परीक्षा मामलों की CBI जांच कराने तथा भर्ती प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग कर रहे हैं।
छात्रों का आरोप है कि राज्य में भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं और पेपर लीक के मामलों के बावजूद सरकार पर्याप्त कार्रवाई नहीं कर रही है। इसी को लेकर वे अनिश्चितकालीन धरना और सत्याग्रह जारी रखे हुए हैं।
यह भी पढ़े – JPSC-JSSC परीक्षा में धांधली का आरोप, बाबूलाल मरांडी ने CBI जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की
