शादी का दबाव बना प्रेमिका की मौत की वजह! प्रेमी ने रची साजिश, कैनाल में फेंक दिया शव
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह कैनाल में 26 जुलाई को मिले महिला के नग्न शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतका किरण देवी की हत्या के आरोप में उसके प्रेमी दशमत बास्के को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस का दावा है कि शादी का दबाव बनाए जाने से परेशान होकर आरोपी ने प्रेमिका की हत्या की साजिश रची और सबूत मिटाने की कोशिश की।
रविवार को एसएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ललित मीना ने बताया कि दशमत बास्के और किरण देवी के बीच वर्ष 2018 से प्रेम संबंध था। हालांकि, दशमत पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। पुलिस के अनुसार, किरण लगातार उससे शादी करने का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई।
नहाने के बहाने बुलाया, फिर पानी में धक्का दिया
पुलिस के मुताबिक, 26 जुलाई की सुबह आरोपी ने किरण को फोन कर कलियाडीह कैनाल के पास बुलाया। वहां नहाने के बहाने उसे पानी के किनारे ले गया। आरोप है कि जैसे ही किरण पानी के पास पहुंची, दशमत ने उसे धक्का दे दिया और दुपट्टे से उसके हाथ बांध दिए। पुलिस के अनुसार, पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
शव के कपड़े उतारकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश
जांच में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी ने मामले को भटकाने के उद्देश्य से शव को कैनाल से बाहर निकाला, उसके कपड़े उतारे और फिर शव को दोबारा पानी में बहा दिया, ताकि घटना का स्वरूप बदल जाए और पुलिस गुमराह हो जाए।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दशमत बास्के की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। इसके बाद पुलिस ने उसे हाता स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सुंदरनगर-हाता मार्ग के जंगल से मृतका के कपड़े और उसका बैग भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़े – श्रावणी मेला: सावन में कांवड़ियों को बड़ी राहत, महादेवशाल स्टेशन पर 28 अगस्त तक 24 ट्रेनों का होगा ठहराव
