टोरी जंक्शन पर जल्द बनेगा फुट ओवरब्रिज, लाइन शिफ्टिंग शुरू; वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद
1 min read

टोरी जंक्शन पर जल्द बनेगा फुट ओवरब्रिज, लाइन शिफ्टिंग शुरू; वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद

लातेहार: बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड के प्रमुख रेलवे स्टेशन टोरी जंक्शन पर यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होती नजर आ रही है। स्टेशन के पश्चिमी छोर पर प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज (FOB) निर्माण की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। रविवार से प्लेटफॉर्म संख्या-5 की लाइन संख्या-7 को शिफ्ट करने का काम शुरू कर दिया गया है, जिससे लंबे समय से निर्माण में आ रही तकनीकी बाधा दूर होने की उम्मीद है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार लाइन शिफ्टिंग पूरी होते ही करोड़ों रुपये की लागत वाली इस परियोजना का निर्माण कार्य तेज गति से शुरू कर दिया जाएगा। इससे टोरी जंक्शन पर यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

अधिकारियों की निगरानी में चल रहा कार्य

लाइन शिफ्टिंग का कार्य टोरी स्टेशन के ट्रैफिक इंस्पेक्टर (टीआई) संजय कुमार, स्टेशन अधीक्षक रंजीत कुमार और अन्य विभागीय अधिकारियों की निगरानी में किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित लाइन पर ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से बंद रखा गया है। जिन ट्रेनों का ठहराव इस लाइन पर होता था, उन्हें अन्य प्लेटफॉर्म या वैकल्पिक लाइन से संचालित किया जा रहा है।

निर्माण की तैयारी पहले से पूरी

निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि नौशाद आलम ने बताया कि परियोजना से जुड़ी अधिकांश तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं। लाइन शिफ्टिंग के लिए करीब 500 काउंटर फोर्ट वॉल का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। यह कार्य पूरा होते ही निर्माण एजेंसी पूरी क्षमता के साथ फुट ओवरब्रिज का निर्माण शुरू कर देगी।

यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है। फुट ओवरब्रिज बनने से प्लेटफॉर्मों के बीच आवागमन आसान होगा और ट्रैक पार करने की मजबूरी भी खत्म होगी।

वर्षों का इंतजार अब खत्म होने की उम्मीद

लंबे समय से फाइलों में अटकी यह परियोजना अब धरातल पर उतरती दिखाई दे रही है। रेलवे को उम्मीद है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद टोरी जंक्शन को आधुनिक और सुरक्षित रेलवे स्टेशन के रूप में नई पहचान मिलेगी तथा हजारों यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

यह भी पढ़े – JPSC घोटाले की जांच में CID का सबसे बड़ा एक्शन, 20 से ज्यादा ठिकानों पर ताबड़तोड़ रेड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *