JPSC घोटाले की जांच में CID का सबसे बड़ा एक्शन, 20 से ज्यादा ठिकानों पर ताबड़तोड़ रेड
रांची: 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित अनियमितताओं और OMR शीट से छेड़छाड़ की जांच कर रही सीआईडी ने सोमवार को अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्यभर में 20 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी ने रांची, बोकारो, पलामू, हजारीबाग समेत कई जिलों में संदिग्ध अभ्यर्थियों, बिचौलियों, कोचिंग संचालकों और अन्य लोगों से जुड़े ठिकानों पर दबिश दी।
रांची से पलामू तक एक साथ छापेमारी
सूत्रों के मुताबिक, सीआईडी की अलग-अलग टीमों ने समन्वित अभियान चलाकर कई स्थानों पर तलाशी ली। जांच एजेंसी को आशंका है कि इन ठिकानों से परीक्षा में कथित गड़बड़ी, OMR शीट में हेराफेरी, पैसों के लेन-देन और भर्ती रैकेट से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य साक्ष्य मिल सकते हैं।
पलामू में शिक्षक और पारा शिक्षक से जुड़े दस्तावेज जब्त
पलामू में सीआईडी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने मेदिनीनगर के हमीदगंज स्थित संतोष कुमार सिंह के आवास और पांकी रोड बारालोटा स्थित रविशंकर कुमार के घर पर छापेमारी की। इसके अलावा नौडीहा बाजार में भी कार्रवाई की गई। सूत्रों के अनुसार, यहां से एक सरकारी शिक्षक और एक पारा शिक्षक से जुड़े दस्तावेज समेत कई महत्वपूर्ण कागजात और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए गए हैं।
पहले भी हो चुकी हैं कई गिरफ्तारियां
गौरतलब है कि 14वीं JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं की शिकायतों के बाद सीआईडी लगातार जांच तेज कर रही है। इससे पहले आयोग के रांची स्थित कार्यालय में छापेमारी कर कई दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए थे। मामले में परीक्षा प्रक्रिया और आउटसोर्सिंग एजेंसी से जुड़े आधा दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्य सचिव एल. खियांग्ते से भी सीआईडी लगातार पूछताछ कर रही है।
जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा
सूत्रों का कहना है कि छापेमारी के दौरान जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल उपकरणों की जांच के बाद भर्ती घोटाले से जुड़े नेटवर्क, बिचौलियों और अन्य संदिग्धों के बारे में नए खुलासे हो सकते हैं। सीआईडी की कार्रवाई अभी भी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढ़े – हरमू के पूर्व पार्षद पर राशन कार्ड में अनियमितता का आरोप, जिला प्रशासन का नोटिस
