हरमू के पूर्व पार्षद पर राशन कार्ड में अनियमितता का आरोप, जिला प्रशासन का नोटिस
1 min read

हरमू के पूर्व पार्षद पर राशन कार्ड में अनियमितता का आरोप, जिला प्रशासन का नोटिस

रांची: हरमू के पूर्व वार्ड पार्षद और भाजपा कार्यसमिति सदस्य अरुण कुमार झा पर नियमों के विरुद्ध अपने और अपनी पत्नी के नाम से राशन कार्ड बनवाने का आरोप लगा है। जिला प्रशासन की जांच में मामला सामने आने के बाद उन्हें नोटिस जारी कर जुर्माने की राशि जमा करने अथवा अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है।

रांची डीसी कार्यालय की अनुभाजन शाखा द्वारा जून में जारी नोटिस के अनुसार, भारत सरकार से प्राप्त सूची के आधार पर जिले में 8,875 ऐसे परिवारों की पहचान की गई है, जिनकी वार्षिक आय सीबीडीटी (CBDT) के आंकड़ों के अनुसार छह लाख रुपये से अधिक है। इसके बावजूद वे राशन कार्ड के माध्यम से सरकारी लाभ ले रहे थे। प्रशासन का कहना है कि यह झारखंड लक्षित जन वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश-2024 की धारा-07 का उल्लंघन है।

सूत्रों के मुताबिक, नोटिस के साथ संलग्न सूची में क्रम संख्या 3016 और 3017 पर हरमू क्षेत्र के पूर्व पार्षद अरुण कुमार झा और उनकी पत्नी का नाम दर्ज है। अपात्र लाभुकों को राशन कार्ड सरेंडर करने, जुर्माना जमा करने या अपना स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। ऐसा नहीं करने पर प्राथमिकी दर्ज करने की चेतावनी भी दी गई है।

पूर्व पार्षद ने दी सफाई

नोटिस मिलने के बाद अरुण कुमार झा ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2023 में दो यूनिट का राशन कार्ड केवल आयुष्मान कार्ड बनवाने के उद्देश्य से बनवाया था। उनका दावा है कि उन्होंने कभी भी राशन का उठाव नहीं किया। उन्होंने बताया कि गलती का एहसास होने पर लगभग दो माह पहले ही उन्होंने सरकार को लिखित आवेदन देकर राशन कार्ड सरेंडर कर दिया था।

हालांकि, प्रशासन की ओर से जारी नोटिस के बाद यह मामला नगर निगम और हरमू क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। जिला प्रशासन अपात्र राशन कार्डधारियों के खिलाफ सत्यापन अभियान और आगे की कार्रवाई जारी रखे हुए है।

यह भी पढ़े – रांची-खूंटी के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत, अब एक कॉल या WhatsApp पर दर्ज होगी शिकायत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *