रांची-खूंटी के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत, अब एक कॉल या WhatsApp पर दर्ज होगी शिकायत
रांची: झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने रांची और खूंटी जिले के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। अब बिजली आपूर्ति, गलत बिल, मीटर या अन्य विद्युत सेवाओं से जुड़ी शिकायतों के लिए उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वे सिर्फ एक कॉल या व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
जेबीवीएनएल के विद्युत आपूर्ति अंचल, रांची द्वारा जारी सूचना के अनुसार, उपभोक्ता 94311135682 नंबर पर कॉल कर या इसी नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत सीधे जन समस्या निवारण केंद्र में दर्ज होगी, जहां से संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।
बिजली बिल, मीटर और सप्लाई से जुड़ी समस्याओं का होगा समाधान
निगम के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत बिजली कटौती, गलत बिलिंग, मीटर खराब होने, नई विद्युत सेवा या अन्य तकनीकी समस्याओं से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को समय पर समाधान मिलने के साथ शिकायतों की निगरानी भी आसान होगी।
शिकायतों का रिकॉर्ड रहेगा सुरक्षित
जेबीवीएनएल ने रांची और खूंटी जिले के सभी बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए निर्धारित मोबाइल नंबर का ही उपयोग करें। इससे शिकायतों का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और समाधान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी व जवाबदेह बनेगी।
उपभोक्ताओं का समय बचेगा
विद्युत आपूर्ति अंचल, रांची के अधीक्षण अभियंता डी.एन. साहू के हस्ताक्षर से जारी सूचना में कहा गया है कि शिकायत निवारण प्रणाली को सरल बनाने का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर, पारदर्शी और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना है। नई व्यवस्था लागू होने से लोगों को घर बैठे शिकायत दर्ज कराने और उसके समाधान का लाभ मिलेगा।
यह भी पढ़े – रांची DSPMU में ग्रेजुएशन में एडमिशन का एक और मौका, 16 विषयों में 31 अगस्त तक करें आवेदन
