JPSC आंदोलन तेज: छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भूख हड़ताल पर, अभिजीत दीपके ने भी दिया समर्थन
रांची: झारखंड में 14वीं जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में चल रहा छात्रों का आंदोलन अब और तेज हो गया है। राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे सत्याग्रह के नौवें दिन छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने अपनी मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की है।
भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करने, टीडीपीएल एजेंसी द्वारा आयोजित परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर उन्होंने अन्न-जल त्यागकर भूख हड़ताल शुरू की है।
उन्होंने कहा कि छात्रों ने 5 जुलाई से आंदोलन शुरू किया था। 7 जुलाई को राज्यपाल से मुलाकात की, 8 जुलाई को विरोध प्रदर्शन किया और 20 जुलाई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कथित अनियमितताओं से जुड़े साक्ष्य सौंपे। इसके बाद सीआईडी जांच शुरू हुई, लेकिन अब भी उनकी प्रमुख मांगें पूरी नहीं हुई हैं।
जांच के बावजूद आंदोलन क्यों जारी?
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि केवल जांच शुरू होना पर्याप्त नहीं है। उनकी मांग है कि 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा रद्द की जाए तथा टीडीपीएल द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच सीबीआई और ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियों से कराई जाए। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया में सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
छात्रों का दावा- पूरे देश से मिल रहा समर्थन
आंदोलन में शामिल रांची की छात्रा स्नेहा ने कहा कि यदि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी नहीं होगी तो मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित होगा। वहीं पलामू की अर्चना कुमारी ने कहा कि जब तक जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
लातेहार के बालूमाथ निवासी छात्र श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि राज्य के बाहर से भी लोगों का समर्थन मिल रहा है और कई शहरों से प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन और अन्य आवश्यक सामग्री भेजी जा रही है।
मशाल जुलूस निकालकर जताया विरोध
रविवार शाम बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान अभ्यर्थियों ने हाथों और शरीर पर पोस्टर-बैनर लगाकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
अभिजीत दीपके ने दिया समर्थन
आंदोलन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके वीडियो कॉल के माध्यम से छात्रों से जुड़े। उन्होंने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए रांची आने का आश्वासन दिया। दीपके ने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर कहा कि उनकी पार्टी झारखंड के छात्रों के साथ खड़ी है और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग का समर्थन करती है।
कई जिलों के छात्र हुए शामिल
रांची के अलावा पलामू, लातेहार, हजारीबाग, धनबाद समेत राज्य के कई जिलों से पहुंचे अभ्यर्थी आंदोलन में शामिल हैं। प्रदर्शनकारी जेपीएससी और जेएसएससी की विवादित परीक्षाओं को रद्द करने, स्वतंत्र जांच, दोनों आयोगों में व्यापक सुधार और कथित अनियमितताओं में शामिल अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़े – JPSC रेंजर परीक्षा भी जांच के घेरे में, OMR से छेड़छाड़ के आरोप; पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते से आज फिर पूछताछ
