JPSC रेंजर परीक्षा भी जांच के घेरे में, OMR से छेड़छाड़ के आरोप; पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते से आज फिर पूछताछ
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच अब रेंजर (फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर) भर्ती परीक्षा तक पहुंच गई है। सीआईडी ने रेंजर परीक्षा की ओएमआर शीट में कथित छेड़छाड़ के आरोपों की भी जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान 170 पदों वाली इस परीक्षा में 17 अभ्यर्थियों को कथित रूप से लाभ पहुंचाने के मामले में आईआरबी (इंडियन रिजर्व बटालियन) के एक जवान का नाम सामने आने की बात कही जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों में वन विभाग के कुछ वनरक्षी भी शामिल हैं, जिनके उक्त आईआरबी जवान से संपर्क होने की जानकारी जांच एजेंसी को मिली है। सीआईडी अब इन तथ्यों का सत्यापन कर रही है।
टीडीपीएल के एक और निदेशक की तलाश
जांच के दौरान परीक्षा संचालन से जुड़ी कंपनी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (TDPL) के एक और निदेशक सत्यपाल सिंह की कथित संलिप्तता सामने आई है। सीआईडी की टीम जब उसके लखनऊ स्थित ठिकाने पर पहुंची तो वह पहले ही फरार हो चुका था। उसकी गिरफ्तारी के लिए सीआईडी सोमवार को रांची की अदालत में गिरफ्तारी वारंट के लिए आवेदन करेगी। इससे पहले कंपनी के निदेशक रामबीर सिंह को सीआईडी गिरफ्तार कर चुकी है।
पूछताछ में गिरोह के सक्रिय होने के संकेत
सीआईडी की पूछताछ में गिरफ्तार अभ्यर्थी सुमन सौरभ ने दावा किया है कि जेपीएससी संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) में अभ्यर्थियों को अवैध तरीके से सफल कराने के लिए एक संगठित गिरोह सक्रिय था। जांच एजेंसी अब उसके द्वारा दी गई जानकारी का सत्यापन कर रही है। हालांकि, जांच के दौरान सुमन सौरभ के पास से ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी बरामद नहीं हुई।
आज फिर सीआईडी के सामने पेश होंगे एल खियांग्ते
सीआईडी ने जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते को नोटिस जारी कर सोमवार, 3 अगस्त को एक बार फिर पूछताछ के लिए मुख्यालय बुलाया है। इसके अलावा परीक्षा उपनियंत्रक श्वेता गुप्ता, टीडीपीएल के निदेशक रामबीर सिंह और गिरफ्तार डीएसओ मनोज तिवारी उर्फ अभय तिवारी को दोबारा रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए सीआईडी सोमवार को अदालत में रिमांड की मांग करेगी।
सीआईडी की जांच लगातार आगे बढ़ रही है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।
यह भी पढ़े – पहली सावन सोमवारी पर रांची में ट्रैफिक अलर्ट, पहाड़ी मंदिर जाने से पहले जान लें रूट और पार्किंग व्यवस्था
