झारखंड में परीक्षाओं को लेकर जिस तरह का माहौल बनाया जा रहा है, वह एक सुनियोजित षड्यंत्र का हिस्सा है : आदिवासी छात्र संघ
1 min read

झारखंड में परीक्षाओं को लेकर जिस तरह का माहौल बनाया जा रहा है, वह एक सुनियोजित षड्यंत्र का हिस्सा है : आदिवासी छात्र संघ

रिपोर्ट : राँची डेस्क….

राँची : आदिवासी छात्र संघ की केंद्रीय समिति ने आज रांची में प्रेस वार्ता कर जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े विवादों पर अपना पक्ष रखा। संघ के केंद्रीय संयोजक डॉ. सुशील कुमार ने कहा कि झारखंड में परीक्षाओं को लेकर जिस तरह का माहौल बनाया जा रहा है, वह एक सुनियोजित षड्यंत्र का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा, एबीवीपी और कुछ कोचिंग संस्थानों के संचालक इस मुद्दे को राजनीतिक रूप देने का प्रयास कर रहे हैं।

डॉ. सुशील कुमार ने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं देश के कई राज्यों में हुई हैं, लेकिन झारखंड में जिस तरह से विरोध हो रहा है, वैसा कहीं और देखने को नहीं मिला। उनका आरोप था कि चूंकि राज्य में आदिवासी नेतृत्व वाली सरकार है, इसलिए उसे अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी झारखंड में स्पष्ट डोमिसाइल नीति लागू नहीं हो सकी है। 1932 के खतियान आधारित स्थानीय नीति का प्रस्ताव राज्य सरकार केंद्र को भेज चुकी है, लेकिन अब तक उस पर निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि स्पष्ट स्थानीय नीति नहीं होने से बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरियों में लाभ मिल रहा है।

आदिवासी छात्र संघ ने जनजातीय भाषाओं को भी प्रमुख मुद्दा बताया। संघ का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में जनजातीय भाषाओं को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जा रहा है, जिससे इन भाषाओं के विद्यार्थियों को नुकसान हो रहा है। वहीं, दो वर्षों से छात्रवृत्ति नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए इसके लिए भी केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया गया।

संघ ने रांची विश्वविद्यालय में लागू क्लस्टर सिस्टम और जनजातीय भाषा के विद्यार्थियों के नामांकन पोर्टल बंद किए जाने पर भी आपत्ति जताई। संगठन का कहना है कि इससे जनजातीय भाषा, संस्कृति और पहचान पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

प्रेस वार्ता के दौरान आदिवासी छात्र संघ ने 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रांची कॉलेज फुटबॉल मैदान में एक भव्य समारोह आयोजित करने की घोषणा की। संगठन के अनुसार, कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि तथा कल्याण मंत्री चमरा लिंडा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *