आंदोलनरत छात्रों को सूर्य सिंह बेसरा का मिला साथ, हेमंत सरकार को घेरा, JPSC घोटाले की CBI जांच की मांग…..
रिपोर्ट :- राँची डेस्क….
राँची : झारखंड आंदोलनकारी और वरिष्ठ नेता सूर्य सिंह बेसरा ने हेमंत सोरेन सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने JPSC और JSSC में कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे, JPSC मामले की CBI जांच और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।
बेसरा ने कहा कि राज्य में चल रहे छात्रों के उलगुलान आंदोलन को उनका नैतिक समर्थन है। उन्होंने कहा कि छात्र अपने भविष्य और अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं। सरकार को उनकी मांगों को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि JPSC और JSSC में हुई कथित गड़बड़ियों की जांच CID से नहीं, बल्कि CBI से होनी चाहिए। उनका आरोप है कि CID राज्य सरकार के प्रभाव में काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे मामले की आंच मुख्यमंत्री और कई मंत्रियों तक पहुंचती है, इसलिए निष्पक्ष जांच जरूरी है।
उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने आंदोलन को पूरी तरह गैर-राजनीतिक रखें। उनका कहना था कि पार्टी नो एंट्री, पॉलिटिशियन नो एंट्री के सिद्धांत पर आंदोलन चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां राजनीतिक नेताओं की एंट्री होगी, वहां आंदोलन कमजोर होगा और आपसी मतभेद बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि वह बिना बुलाए छात्रों के मंच पर नहीं जाएंगे, लेकिन जरूरत पड़ने पर बाहर से पूरा समर्थन और मार्गदर्शन देंगे।
