झारखंड की युवती को बिहार बुलाकर प्रेमी ने की हत्या, शादी का दबाव बनने पर गला रेतकर मारने का आरोप
1 min read

झारखंड की युवती को बिहार बुलाकर प्रेमी ने की हत्या, शादी का दबाव बनने पर गला रेतकर मारने का आरोप

आरा/भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में झारखंड की 19 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने युवती के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि युवती उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी वजह से उसने उसे मिलने के बहाने बिहार बुलाया और उसकी हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी गिरफ्तार

भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में हुई इस हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी सिट्टू यादव उर्फ मंजीत कुमार को गिरफ्तार किया है। वह पड़रिया गांव निवासी योगेंद्र सिंह का पुत्र बताया गया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर उसे गड़हनी क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है।

शादी की बात को लेकर विवाद, हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि युवती लगातार उससे शादी करने की बात कह रही थी। इससे परेशान होकर उसने उसे मिलने के लिए गांव बुलाया। आरोप है कि वहां उसने धारदार हथियार से युवती की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को गांव के बधार स्थित करहा में फेंक दिया।

पुलिस अब हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

29 जून को मिला था युवती का शव

29 जून की सुबह चरपोखरी थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव के बधार से एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था। शव की स्थिति काफी खराब थी और चेहरा भी पहचान से परे था। अगले दिन 30 जून को उसकी पहचान झारखंड के गोड्डा जिले की रहने वाली 19 वर्षीय अंजू कुमारी के रूप में हुई।

इसके बाद युवती के पिता गुलाबी मंडल ने चरपोखरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए प्रेमी सिट्टू यादव पर हत्या का आरोप लगाया था।

इंस्टाग्राम पर हुई थी दोनों की दोस्ती

परिजनों के मुताबिक, करीब दो महीने पहले अंजू कुमारी की आरोपी से इंस्टाग्राम के जरिए जान-पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।

एफआईआर के अनुसार, 26 जून की सुबह आरोपी के बुलाने पर अंजू अपने घर से बिना किसी को बताए उससे मिलने के लिए बिहार चली गई थी। जब वह देर शाम तक वापस नहीं लौटी तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।

पुलिस जांच के बाद हुआ मामले का खुलासा

कुछ दिनों बाद परिजनों को पुलिस से सूचना मिली कि उनकी बेटी का शव बिहार के आरा में मिला है। इसके बाद परिवार वहां पहुंचा और शव की पहचान की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है, जबकि पुलिस अन्य साक्ष्यों को भी जुटाने में लगी है।

यह भी पढ़े – 2.20 करोड़ का इनामी नक्सली मिसिर बेसरा गिरफ्तार, 150 से अधिक मामलों में था वांछित; NIA भी कर रही थी तलाश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *