झारखंड SIR अभियान: आज इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि, नहीं किया जमा तो ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से छूट सकता है नाम
रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत 29 जुलाई इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि है। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि जो मतदाता निर्धारित समय तक अपना भरा हुआ और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं करेंगे, उनका नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।
राज्य में 2.64 करोड़ से अधिक मतदाता
निर्वाचन आयोग के अनुसार वर्ष 2026 की मतदाता सूची के आधार पर झारखंड में कुल 2,64,63,236 मतदाता हैं। इनमें से 2,64,61,801 मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं।
अब तक 2,63,76,457 फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। वहीं 2,20,20,994 मतदाताओं के भरे हुए और हस्ताक्षरित फॉर्म सफलतापूर्वक डिजिटाइज किए जा चुके हैं। इन्हीं मतदाताओं के नाम 5 अगस्त को जारी होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
43.55 लाख से अधिक फॉर्म अब भी लंबित
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, अब तक 43,55,463 इन्यूमरेशन फॉर्म वापस प्राप्त नहीं हुए हैं। इनमें कई ऐसे मामले भी शामिल हैं, जहां मतदाता अब उस पते पर नहीं रहते या अन्य कारणों से फॉर्म जमा नहीं हो सके।
लंबित मामलों का विवरण इस प्रकार है:
7,61,755 मतदाता मृत पाए गए।
14,59,029 मतदाता अनुपस्थित मिले या उनका पता नहीं चल सका।
15,87,496 मतदाता स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं।
4,34,541 मतदाता अन्य स्थानों पर पहले से पंजीकृत पाए गए।
1,12,642 मतदाताओं ने इन्यूमरेशन फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया।
31 विधानसभा क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन पूरा
निर्वाचन आयोग ने बताया कि राज्य के 31 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में इन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरी तरह पूरा हो चुका है। शेष 50 विधानसभा क्षेत्रों में भी यह कार्य अंतिम चरण में है।
निर्वाचन आयोग की अपील
आयोग ने उन सभी मतदाताओं से अपील की है जिन्होंने अभी तक अपना हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं किया है कि वे आज, 29 जुलाई तक अपने संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) के पास फॉर्म अवश्य जमा कर दें। समय पर फॉर्म जमा करने से उनका नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जा सकेगा।
यह भी पढ़े – झारखंड की युवती को बिहार बुलाकर प्रेमी ने की हत्या, शादी का दबाव बनने पर गला रेतकर मारने का आरोप
