रांची में राज्य स्तरीय रबी कार्यशाला संपन्न
रिपोर्ट:रांची डेस्क
मुख्य अतिथि रहीं कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, कहा ग्रामीण स्तर पर जाकर किसानों को मिले मदद
रांची, 4 नवंबर बिरसा कृषि विश्वविद्यालय, झारखंड में मंगलवार को कृषि निदेशालय द्वारा राज्य स्तरीय रबी कार्यशाला 2025 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। मंत्री ने दीप प्रज्वलन कर कार्यशाला का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से आए कृषि अधिकारी, वैज्ञानिक और किसान प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कृषक को वैज्ञानिकी तरीके की जानकारी दी गई
कार्यशाला में रबी मौसम की तैयारियों, बीज, उर्वरक वितरण, सिंचाई सुविधाओं और कृषि योजनाओं के सुचारू कार्यान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने रबी की प्रमुख फसलें जैसे गेहूं, चना, मसूर, सरसों, और मटर की उन्नत किस्मों और वैज्ञानिक खेती के तरीकों की जानकारी दी।
फासल बर्बाद हुई उसे मिलेगा मुआवजा
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यशाला हर वर्ष विभाग द्वारा इसलिए आयोजित की जाती है ताकि किसान रबी सीजन में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकें और उन्हें आधुनिक तकनीक का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मोथा तूफान का असर झारखंड के कई जिलों में पड़ा है, जिससे फसलों को नुकसान हुआ है। इस परिस्थिति में सरकार ने कृषि अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे ग्राम स्तर पर जाकर स्थिति का वास्तविक आकलन करें और जिन किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं, उन्हें शीघ्र मुआवजा दिलाने की कार्रवाई करें।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की का आग्रह
मंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। ग्रामीण क्षेत्रों में फसल बीमा योजना, सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई, जैविक खेती और फसल विविधीकरण जैसे कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने किसानों को मौसम आधारित सलाह लेने, मृदा परीक्षण करवाने और वैज्ञानिक सलाह पर खेती करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में कृषि निदेशक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक, एवं राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
