मतदाता बचाओ, लोकतंत्र बचाओ अभियान की शुरुआत करेगी झारखंड कांग्रेस
रिपोर्ट:रांची डेस्क
रांची राजधानी रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने संयुक्त रूप से पत्रकारों को संबोधित किया
कांग्रेस पार्टी का घोषणा शुरू करेगी मतदाता बचाओ अभियान
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने घोषणा की कि कांग्रेस पार्टी राज्य में ‘मतदाता बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान की शुरुआत करने जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित करेगी कि झारखंड का कोई भी नागरिक अपने संवैधानिक मतदान अधिकार से वंचित न रहे। केशव महतो कमलेश ने कहा,
“मतदान का अधिकार हर भारतीय नागरिक का मौलिक और संवैधानिक अधिकार है, जिसे कोई भी संस्था या एजेंसी छीन नहीं सकती।” उन्होंने बताया कि पार्टी राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर रही है। ये एजेंट मतदाता सूची के पुनरीक्षण और सत्यापन कार्य की निगरानी करेंगे तथा किसी भी गड़बड़ी या विसंगति की जानकारी पार्टी को देंगे, ताकि समय रहते सुधार किया जा सके।
घाटशिला उपचुनाव में गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में कांग्रेस सक्रिय
प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने घाटशिला उपचुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन प्रत्याशी सोमेश कुमार सोरेन के समर्थन में कांग्रेस पूरी ताकत से मैदान में उतर चुकी है। पार्टी के सभी जिला, प्रखंड और मंडल स्तर के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय हैं। गठबंधन के सभी दल एकजुट होकर चुनाव प्रचार में जुटे हैं और भारी बहुमत से उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करेंगे।
कांग्रेस की मजबूती ही देश की एकता की गारंटी प्रदीप यादव
इस अवसर पर कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि कांग्रेस की मजबूती ही देश की मजबूती है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, धर्मनिरपेक्षता और संविधान की अखंडता तभी सुरक्षित रह सकती है, जब कांग्रेस सशक्त बनी रहे। प्रदीप यादव ने कहा, “वोट का अधिकार केवल कागज़ी व्यवस्था नहीं, बल्कि दलितों, पिछड़ों और आम नागरिकों के सशक्तिकरण का प्रतीक है। इस अधिकार की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे बूथ स्तर पर जनता के बीच जाकर मतदाता सूची के कार्य में सक्रिय सहयोग दें और यह सुनिश्चित करें कि किसी का नाम गलती से भी सूची से न हटाया जाए।
झारखंड कांग्रेस के इस घोषणा के साथ ही राज्य में राजनीतिक माहौल एक बार फिर गर्माने लगा है। पार्टी का यह अभियान आने वाले महीनों में संगठन को बूथ स्तर पर मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
