69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल (बॉक्सिंग) प्रतियोगिता में झारखंड का जलवा
रिपोर्ट:रांची डेस्क
आर्यन मुखी ने जीता रजत, कनिष्क गोराई और मोहित गोप ने जीता कांस्य पदक
ईटानगर (अरुणाचल प्रदेश)/राँची। झारखंड के मुक्केबाजों ने 69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल (बॉक्सिंग) प्रतियोगिता में अपने दमदार प्रदर्शन से राज्य का मान बढ़ाया है।28 अक्तूबर से 03 नवंबर तक खेलो इंडिया इनडोर स्टेडियम, ईटानगर में आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम किए।
आर्यन मुखी ने रजत पदक जीतकर किया झारखंड का नाम रौशन
अंडर-17 बालक वर्ग के 46 किलोग्राम भार वर्ग में झारखंड के उभरते मुक्केबाज आर्यन मुखी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।फाइनल मुकाबले में उन्होंने कड़ी टक्कर दी, लेकिन मामूली अंतर से पराजित होकर रजत पर संतोष करना पड़ा। उनके बेहतरीन प्रदर्शन की पूरे राज्य में सराहना हो रही है।
कनिष्क गोराई और मोहित गोप ने जीते कांस्य पदक
वहीं, 63 किग्रा भार वर्ग में कनिष्क गोराई और 66 किग्रा भार वर्ग में मोहित गोप ने शानदार मुक्केबाजी करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।दोनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के प्रारंभिक दौरों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सेमीफाइनल तक जगह बनाई और झारखंड को दो कांस्य पदक दिलाए।
कोचों और प्रबंधन की मेहनत रंग लाई
झारखंड टीम का नेतृत्व कोच अनुपम तिवारी और अनु कुमारी ने किया।टीम के मैनेजर प्रवीण यादव और हरिकेश सिंह ने खिलाड़ियों को हर स्तर पर सहयोग प्रदान किया।टीम के सामूहिक प्रयासों ने झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर पहचान दिलाई।
अधिकारियों ने दी बधाई
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग समेत राज्य के अन्य खेल प्रेमियों और अधिकारियों ने झारखंड टीम को हार्दिक बधाई दी।उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य के खेल प्रतिभाओं के निरंतर परिश्रम और समर्पण का परिणाम है।
झारखंड के युवा मुक्केबाजों का बढ़ा मनोबल
इस प्रतियोगिता में पदक जीतने के बाद झारखंड के मुक्केबाजों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इन खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलें तो भविष्य में झारखंड से कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के बॉक्सर सामने आएंगे।
