देवघर में बेमौसम बारिश से धान की फसल चौपट, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया खेतों का निरीक्षण  
1 min read

देवघर में बेमौसम बारिश से धान की फसल चौपट, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया खेतों का निरीक्षण  

रिपोर्ट:रांची डेस्क 

कई इलाकों में 40% से अधिक फसल नुकसान का अनुमान, सरकार ने दिलाया राहत का भरोसा

देवघर, 1 नवंबर झारखंड में बेमौसम हुई बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। खासकर धान की फसल पर इसका सबसे अधिक प्रभाव पड़ा है। खेतों में पानी भर जाने से सैकड़ों एकड़ फसल तबाह हो चुकी है। इसी को लेकर झारखंड सरकार की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की शनिवार को देवघर जिले के सरवा प्रखंड के जियाखाड़ा गांव पहुंचीं और खुद खेतों का जायजा लिया।

आने वाले दिनों में यह आंकड़ा बढ़ सकता है

निरीक्षण के बाद मंत्री तिर्की ने कहा कि पहले अनुमान के अनुसार माना जा रहा था कि इस बारिश से लगभग 25 प्रतिशत फसल क्षतिग्रस्त हुई है, लेकिन जमीनी हालत देखने के बाद यह नुकसान 40 प्रतिशत से भी अधिक लग रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले दिनों में यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।

मुआवजा दिया जाएगा

मंत्री तिर्की ने कहा कि यह प्राकृतिक आपदा पूरे राज्य के किसानों के लिए कठिन समय लेकर आई है। सरकार हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि जिन किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं, उन्हें बिरसा फसल बीमा योजना और आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से मुआवजा दिया जाएगा।

सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, संबंधित अंचल अधिकारियों को जल्द से जल्द सभी प्रभावित खेतों का निरीक्षण कर रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजनी होगी। उन्होंने कहा कि जो किसान बिरसा फसल बीमा योजना में पंजीकृत नहीं हैं, उन्हें आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से प्रति एकड़ 3000 रुपये की राहत राशि दी जाएगी। जबकि जो किसान योजना में पंजीकृत हैं, उन्हें बीमा कंपनी द्वारा जांच के उपरांत उनके नुकसान के अनुसार मुआवजा प्राप्त होगा।

जल्द से जल्द दिया जाएगा मुआवजा

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राहत कार्य निष्पक्ष रूप से और त्वरित गति से पूरे किए जाएं ताकि कोई भी किसान सहायता से वंचित न रह जाए।

मंत्री तिर्की ने अंत में कहा कि यह संकट का समय है, लेकिन राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है और जल्द ही सभी जिलों में फसल क्षति का विस्तृत मूल्यांकन पूरा कर राहत वितरण शुरू किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *