मांडर सड़क हादसे में युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़  
1 min read

मांडर सड़क हादसे में युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़  

 

रिपोर्ट :-रांची डेस्क••••••

मांडर। एनएच-75 पर मांडर बाजार के समीप सोमवार की शाम हुए सड़क हादसे में घायल बलदेव उरांव (30) की इलाज के दौरान मौत हो गई। रिम्स में देर रात करीब 10 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।  

जानकारी के मुताबिक बलदेव उरांव, पिता चरवा उरांव, मांडर प्रखंड के कंजिया मारईटोली गांव का निवासी था। सोमवार की शाम करीब 6 बजे वह पैदल ही मांडर की ओर जा रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बलदेव गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही बेहोश हो गया।  

स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत मांडर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देख डॉक्टरों ने रांची रिम्स रेफर कर दिया। रिम्स में चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत हो गई।  

 परिवार की हालत खराब  

बलदेव उरांव के निधन से उसके परिवार में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि बलदेव की पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। वह अपने परिवार का इकलौता सहारा था। आर्थिक तंगी के कारण वह बिहार में एक ईंट-भट्ठा में मजदूरी करता था और हाल ही में घर लौटा था।  

गांव के लोगों ने बताया कि बलदेव मेहनती और सरल स्वभाव का युवक था। अचानक हुई इस दुर्घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।  

पुलिस कर रही जांच  

हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन की पहचान और चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों ने मांग की है कि पीड़ित परिवार को राहत व मुआवजा दिया जाए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *