जमशेदपुर की शान, शिल्पा राव को मिला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार 
1 min read

जमशेदपुर की शान, शिल्पा राव को मिला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार 

 

रिपोर्ट:-रांची डेस्क••••••

जमशेदपुर की बेटी और बॉलीवुड की प्रसिद्ध पार्श्वगायिका शिल्पा राव को उनकी मधुर आवाज़ और बेहतरीन गायन की बदौलत देश का सबसे बड़ा सम्मान प्राप्त हुआ है। फिल्म जवान के लोकप्रिय गीत चलेया के लिए उन्हें 71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्वगायिका बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का सम्मान दिया गया।  

 विज्ञान भवन में हुआ भव्य सम्मान समारोह  

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित इस प्रतिष्ठित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शिल्पा राव को यह पुरस्कार प्रदान किया। उस क्षण विज्ञान भवन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और शिल्पा राव के चेहरे पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी।  

पुरस्कार प्राप्ति के बाद भावुक शिल्पा राव ने कही

यह मेरे लिए गर्व और सम्मान का क्षण है। मेरी मेहनत और मेरे सुरों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है, यह मेरे जीवन का सबसे यादगार दिन है।उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, संगीत गुरुओं और प्रशंसकों को दिया जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ निभाया।  

जमशेदपुर में जश्न का माहौल  

जमशेदपुर में शिल्पा राव के इस सम्मान पर लोगों में हर्ष और गर्व की लहर दौड़ गई है। शहरभर में फैन्स ने मिठाइयाँ बांटीं और सोशल मीडिया पर लगातार बधाइयों का तांता लगा हुआ है। स्थानीय संगीत प्रेमियों और सांस्कृतिक संस्थानों ने भी इसे पूरे शहर के सम्मान से जोड़ा।  

 संगीत की दुनिया में शिल्पा राव का सफर  

जमशेदपुर में जन्मी शिल्पा राव ने बचपन से ही संगीत की शिक्षा ग्रहण की। उनकी मधुर आवाज़ ने न सिर्फ बॉलीवुड को मंत्रमुग्ध किया, बल्कि उन्हें अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाई। ‘खुदा जाने’, ‘बुलेया’, ‘मनमरज़ियाँ’ जैसे कई हिट गीत गा चुकीं शिल्पा आज की पीढ़ी की सबसे सशक्त गायिकाओं में गिनी जाती हैं।  

71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड से सम्मानित होकर शिल्पा राव ने न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे झारखंड और खासकर जमशेदपुर का नाम रौशन किया है। 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *