रिनपास के शताब्दी समारोह की तैयारी का जायजा लेने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी
1 min read

रिनपास के शताब्दी समारोह की तैयारी का जायजा लेने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी

 

रिपोर्ट:- रांची स्टेशन••••••

रांची। झारखंड की राजधानी रांची स्थित कांके के क्षेत्रीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थान (रिनपास) आगामी 4 सितंबर को अपना शताब्दी समारोह मनाने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर न केवल प्रदेश बल्कि देश और विदेश से भी कई गणमान्य व्यक्ति व विशेषज्ञ शामिल होंगे। समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे, साथ ही स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी सहित कई अंतरराष्ट्रीय डेलिगेट्स भी शिरकत करेंगे।

तैयारियों का लिया जायजा

कार्यक्रम की तैयारियाँ अपने अंतिम चरम में हैं। इन्हीं तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी खुद रिनपास पहुंचे। उन्होंने वहाँ मौजूद अधिकारियों और आयोजकों से विस्तृत जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि कार्यक्रम का आयोजन गरिमा एवं सुचारु ढंग से संपन्न हो सके।

झारखंड के लिए है गर्व का विषय

इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह पूरे झारखंड राज्य के लिए गौरव की बात है कि रिनपास 100 वर्षों की अपनी स्वर्णिम यात्रा पूरी कर रहा है। यह केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है जो लंबे समय से समाज की सेवा कर रहा है।”

उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार सुधार और विकास की दिशा में काम कर रही है। राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे आमजन को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सीय सुविधाएँ मिल सकें।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ेगा सम्मान

रिनपास के इस शताब्दी उत्सव में देश-विदेश से मानसिक स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञों का शामिल होना झारखंड के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। विशेषज्ञों के आपसी संवाद और अनुभव साझा करने से यहाँ की चिकित्सा सेवाओं को और अधिक समृद्ध करने में सहायता मिलेगी।

4 सितंबर को होने वाला यह शताब्दी समारोह झारखंड के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज होगा और रिनपास की उपलब्धियों को नई पहचान दिलाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *