JPSC आंदोलन के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा: पत्नी को नौकरी नहीं मिलने से नाराज युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, 4 घंटे बाद उतरा
1 min read

JPSC आंदोलन के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा: पत्नी को नौकरी नहीं मिलने से नाराज युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, 4 घंटे बाद उतरा

रांची: जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर राजधानी रांची में अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। इसी बीच शनिवार देर रात धरना स्थल के पास जयपाल सिंह स्टेडियम परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है।

टावर पर चढ़े युवक की पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ निवासी हीरालाल के रूप में हुई है। युवक का कहना था कि उसकी पत्नी को नौकरी नहीं मिलने से वह लंबे समय से परेशान है। इसी नाराजगी में उसने टावर पर चढ़कर विरोध जताया और अपनी बात सरकार तक पहुंचाने की मांग की।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और स्थानीय लोग जुट गए। कोतवाली थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस अधिकारियों ने युवक से लगातार बातचीत कर उसे शांत करने और सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया।

करीब चार घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद युवक रविवार सुबह लगभग पांच बजे सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। वहीं, सूत्रों के अनुसार 6 अगस्त को विधानसभा घेराव की तैयारी भी की जा रही है, जिसे देखते हुए प्रशासन भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

यह भी पढ़े – युवाओं के आक्रोश की आग में जलकर भस्म हो जाएगी हेमंत सरकार: आदित्य साहू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *