शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि 4 अगस्त को, नेमरा समेत 24 जिलों में होंगे श्रद्धांजलि कार्यक्रम
1 min read

शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि 4 अगस्त को, नेमरा समेत 24 जिलों में होंगे श्रद्धांजलि कार्यक्रम

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि 4 अगस्त को पूरे राज्य में श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी। इस अवसर पर झामुमो ने राज्य के सभी 24 जिलों में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन करने की तैयारी पूरी कर ली है। पार्टी के अनुसार, श्रद्धांजलि कार्यक्रमों में आम लोगों की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्य कार्यक्रम रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकइयांटांड़ में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल होंगे। इस दौरान गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री विभिन्न विकास योजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।

झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि आम नागरिक भी अपने प्रिय नेता को श्रद्धासुमन अर्पित कर सकें। जिला समितियां अपने-अपने स्तर पर प्रतिमाएं स्थापित करने और कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटी हैं।

रांची में भी होंगे कई सामाजिक कार्यक्रम

रांची जिला झामुमो समिति की ओर से भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अल्बर्ट एक्का चौक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने की योजना है। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों के बीच वस्त्र, फल और दवाओं का वितरण किया जाएगा तथा रक्तदान शिविर का भी आयोजन होगा। जिला समिति ने इन कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

झामुमो का कहना है कि श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के माध्यम से गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष, सामाजिक योगदान और झारखंड आंदोलन में उनकी भूमिका को याद किया जाएगा तथा नई पीढ़ी को उनके विचारों से परिचित कराया जाएगा।

यह भी पढ़े – निलंबित IAS विनय कुमार चौबे को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, वनभूमि मामले में मिली जमानत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *