सावन में बाबा धाम जाने वालों के लिए बड़ी राहत, रांची से चलेंगी 4 स्पेशल ट्रेनें और 6 बसें
1 min read

सावन में बाबा धाम जाने वालों के लिए बड़ी राहत, रांची से चलेंगी 4 स्पेशल ट्रेनें और 6 बसें

रांची: सावन माह की शुरुआत के साथ ही बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) और सुल्तानगंज जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने कांवरियों के लिए चार श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है। वहीं, खादगढ़ा बस स्टैंड से सुल्तानगंज के लिए छह बसों की व्यवस्था की गई है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में कांवरिए ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ रांची से रवाना हुए।

बस ऑपरेटरों के अनुसार, रांची से पप्पू ट्रैवल्स, रग्बी, कोहिनूर और शिवम ट्रैवल्स की बसें नियमित रूप से सुल्तानगंज के लिए चलाई जा रही हैं। यात्रियों से 700 से 800 रुपये तक किराया लिया जा रहा है। इन बसों में सीट और स्लीपर दोनों सुविधाएं उपलब्ध हैं।

ट्रेनों में भीड़, बसों की बढ़ी मांग

श्रद्धालुओं की पहली पसंद ट्रेनें हैं, लेकिन सीटें उपलब्ध नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में यात्री अब बसों का रुख कर रहे हैं। सुल्तानगंज के अलावा भागलपुर जाने वाली नियमित बसों में भी यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। बस संचालकों का कहना है कि यदि मांग और बढ़ती है तो अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया जाएगा।

बुकिंग एजेंटों के अनुसार, अगले सात दिनों तक अधिकांश बसों की सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं। इस बार नवगछिया के पास पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण कई बसों का परिचालन वैकल्पिक मार्गों से किया जा रहा है, जिससे यात्रा समय में भी बदलाव आया है।

देवघर जाने के लिए टैक्सियों की भी बढ़ी मांग

बस और ट्रेन में सीट नहीं मिलने की स्थिति में श्रद्धालु टैक्सी बुक कर बाबा धाम पहुंच रहे हैं। ट्रैवल एजेंसियों का कहना है कि पहली सोमवारी के बाद की तारीखों के लिए सबसे अधिक बुकिंग हो रही है। जलाभिषेक के दौरान टैक्सियों की मांग में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक विशेष सहायता केंद्र भी बनाया गया है, जहां देवघर सहित झारखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों की जानकारी बुकलेट के माध्यम से दी जा रही है। साथ ही यात्रा मार्ग और अन्य आवश्यक जानकारियां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

रांची से चलेंगी ये श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनें
रांची–भागलपुर (वाया राजाबेड़ा): प्रत्येक रविवार और बुधवार, 9 सितंबर तक।
भागलपुर–रांची (वाया राजाबेड़ा): प्रत्येक सोमवार और गुरुवार, 10 सितंबर तक।
रांची–भागलपुर (वाया बरकाकाना): प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार, 11 सितंबर तक।
रांची–भागलपुर (वाया कोडरमा): प्रत्येक रविवार, मंगलवार और गुरुवार, 10 अगस्त तक। वापसी सेवा 11 अगस्त तक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी।
रांची–भागलपुर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन: प्रत्येक शनिवार, सोमवार और बुधवार, 11 अगस्त तक। वापसी सेवा रविवार, मंगलवार और गुरुवार को उपलब्ध रहेगी।

रेलवे और परिवहन विभाग ने श्रद्धालुओं से समय रहते टिकट और बस सीटों की बुकिंग कराने की अपील की है, ताकि सावन के दौरान यात्रा में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

यह भी पढ़े – सिर्फ मानसिक बीमारी का आरोप तलाक के लिए पर्याप्त नहीं, झारखंड हाईकोर्ट ने सुनाया अहम फैसला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *