JPSC-JSSC विवाद पर उबाल, राजधानी की सड़कों पर उमड़ा छात्रों का हुजूम…..
1 min read

JPSC-JSSC विवाद पर उबाल, राजधानी की सड़कों पर उमड़ा छात्रों का हुजूम…..

रिपोर्ट :- राँची डेस्क….

रांची: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर छात्रों का गुस्सा अब खुलकर सड़कों पर दिखाई देने लगा है। जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक और चयन प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों के विरोध में बुधवार को राज्यभर से हजारों अभ्यर्थी राजधानी रांची पहुंचे। बारिश के बावजूद युवाओं का जोश कम नहीं हुआ और देखते ही देखते आंदोलन ने विशाल जनआंदोलन का रूप ले लिया। सुबह से ही जयपाल सिंह मुंडा फुटबॉल स्टेडियम परिसर में अभ्यर्थियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। यहां से छात्रों ने तिरंगा और संविधान की प्रतियां लेकर अल्बर्ट एक्का चौक तक मार्च निकाला। चौक पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग दोहराई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ होगा तो वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे। हाल में हुई 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा को लेकर उठे विवादों ने अभ्यर्थियों के बीच असंतोष को और बढ़ा दिया है। राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था हुई प्रभावित हजारों छात्रों के सड़क पर उतरने से राजधानी की यातायात व्यवस्था पर भी व्यापक असर पड़ा। कचहरी रोड, अल्बर्ट एक्का चौक, मेन रोड, लालपुर और रेडियम रोड समेत कई प्रमुख सडकों पर लंबा जाम लग गया। कई स्थानों पर वाहन धीरे-धीरे आगे बढ़ते नजर आए।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों का रूट डायवर्ट किया। कचहरी रोड की ओर आने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा गया, जबकि मेन रोड और फिरायालाल चौक के आसपास भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किए गए।

जेपीएससी परीक्षा विवाद की जांच फिलहाल सीआईडी कर रही है। जांच एजेंसी ने मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। वहीं आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से भी लगातार पूछताछ जारी है। छात्र संगठनों का आरोप है कि केवल कुछ गिरफ्तारियों से पूरे मामले का सच सामने नहीं आएगा। अभ्यर्थियों की मांग है कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और युवाओं का भरोसा बहाल हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *