कारगिल विजय दिवस : अमर शहीदों को राज्यपाल की श्रद्धांजलि…….
रिपोर्ट :- राँची डेस्क……
राँची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज ‘कारगिल विजय दिवस’ के अवसर पर वेटरन ऑर्गेनाइजेशन ऑफ झारखंड द्वारा आगमन बेंक्वेट हॉल, इटकी रोड, राँची में आयोजित समारोह में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर वीर सैनिकों एवं शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी हुई, जिसकी राज्यपाल महोदय ने सराहना की।
राज्यपाल महोदय ने कहा कि ‘कारगिल विजय दिवस’ केवल एक सैन्य विजय का स्मरण नहीं, बल्कि भारतीय सेना के अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम, अटूट राष्ट्रनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान का अमर प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में कारगिल की दुर्गम एवं बर्फ से आच्छादित चोटियों पर भारतीय सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में जिस अद्वितीय वीरता का परिचय दिया, उसने सम्पूर्ण विश्व को यह संदेश दिया कि भारत अपनी एक-एक इंच भूमि की रक्षा के लिए हर चुनौती का सामना करने में पूर्णतः सक्षम है
