चक्रवाती तूफान मोंथा का झारखंड में कहर
रिपोर्ट:रांची डेस्क
रांची सहित पांच जिलों में भारी बारिश, ट्रेन और फ्लाइट सेवाएं प्रभावित
रांची, 30 अक्टूबर। चक्रवाती तूफान *मोंथा* का जबर्दस्त असर झारखंड में देखने को मिल रहा है। मंगलवार रात से बुधवार तक राज्य के कई जिलों में लगातार भारी बारिश होती रही, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने जानकारी दी है कि एक नवंबर तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा। वहीं, 2 नवंबर के बाद आसमान खुलने और तापमान में गिरावट के साथ सर्दी के बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिलों में भारी बारिश का *येलो अलर्ट* जारी किया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहें।
खूंटी और बहरागोड़ा में सबसे अधिक वर्षा
बुधवार को सबसे ज्यादा बारिश खूंटी में दर्ज की गई, जहां 48 मिलीमीटर वर्षा हुई। पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में 42.4 मिमी, गुड़ाबांधा में 33.4 मिमी, धनबाद में 31 मिमी और रांची में 21 मिमी बारिश मापी गई। मंगलवार रात से बुधवार दोपहर तक पूरे प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति बनी रही।
रेल यातायात पर बड़ा असर
तूफान और लगातार वर्षा का असर ट्रेनों की आवाजाही पर भी पड़ा। दक्षिण भारत की ओर जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द और कुछ को परिवर्तित मार्ग से चलाया गया है। रेलवे द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, भुवनेश्वर-बेंगलुरु एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस और भुवनेश्वर-पुडुचेरी एक्सप्रेस को रद्द किया गया है।
इसी तरह, टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस को अब नए रूट पर टिटलागढ़, रायपुर, दुर्ग, नागपुर, वारंगल, खम्मम और विजयवाड़ा होते हुए चलाया जाएगा।
भुवनेश्वर-जगदलपुर एक्सप्रेस और राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस को रायगड्डा स्टेशन पर *शॉर्ट-टर्मिनेट* कर दिया गया है।
हवाई सेवाओं में भी बाधा
बदले मौसम के कारण रांची एयरपोर्ट से आने-जाने वाली कई उड़ानें प्रभावित रहीं। गुरुवार सुबह दिल्ली से रांची आने वाली इंडिगो फ्लाइट को सुरक्षा कारणों से कोलकाता डायवर्ट किया गया। मौसम सामान्य होने के बाद ही विमान रांची पहुंच सका। इसके अलावा आधा दर्जन अन्य उड़ानें औसतन एक से डेढ़ घंटे की देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती तूफान का केंद्र इस समय बंगाल और ओडिशा तट के समीप सक्रिय है। इसके प्रभाव से झारखंड में अगले 36 घंटों तक मध्यम से भारी वर्षा जारी रह सकती है। बारिश के बाद तापमान में अचानक गिरावट आने की संभावना है, जिससे दिवाली के बाद प्रदेश में सर्दी का असर तेज हो जाएगा।
