पूर्वसीएम के चालक से मारपीट, पुलिस मौजूद रहने के बावजूद बिगड़े हालात  
1 min read

पूर्वसीएम के चालक से मारपीट, पुलिस मौजूद रहने के बावजूद बिगड़े हालात  

रिपोर्ट:-रांची डेस्क••••••

अमृत नगर में पूर्व सीएम की पत्नी और बहू से बदसलूकी  

हजारीबाग। शहर के अमृत नगर इलाके में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रदेश की पहली भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री रहे एवं फिलहाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की पत्नी और बहू के साथ बदसलूकी की घटना सामने आई। इस दौरान उनके निजी चालक से मारपीट भी की गई। घटना के वक्त मौके पर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हालात को नियंत्रित करने में लापरवाही का गंभीर आरोप लग रहा है।  

गिरिडीह से रांची जाते समय हुआ विवाद  

जानकारी के अनुसार, बाबूलाल मरांडी की बहू प्रीति किस्कू और उनकी पत्नी गिरिडीह से रांची जा रही थीं। गाड़ी जैसे ही अमृत नगर इलाके से गुजर रही थी, स्थानीय पूजा समिति से जुड़े कुछ युवकों के साथ विवाद की स्थिति बन गई। इसी दौरान बहू और पत्नी के साथ बदसलूकी तथा चालक की पिटाई कर दी गई।  

पुलिस मौजूद, फिर भी हुआ उपद्रव  

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के समय पुलिस भी शामिल थी, लेकिन समय रहते स्थिति को नियंत्रित नहीं किया गया। इससे माहौल और बिगड़ता चला गया। इस ढिलाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।  

शिकायत पर प्रशासन हरकत में 

घटना के बाद बाबूलाल मरांडी की बहू प्रीति किस्कू ने अमृत नगर पूजा समिति के कुछ सदस्यों के खिलाफ मुफ्फसिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। आईजी सुनील भास्कर ने हजारीबाग एसपी को निर्देश दिया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी हो और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।  

पूजा समिति ने मांगी माफी  

इधर, अमृत नगर पूजा समिति के अध्यक्ष और स्थानीय मुखिया ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए खेद व्यक्त किया है। उन्होंने बाबूलाल मरांडी की पत्नी और बहू से सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी।  

प्रशासन की कड़ी निगरानी  

इस पूरे प्रकरण पर अब जिला प्रशासन और पुलिस की गड़ी नजर बनी हुई है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है। उधर, घटना ने स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी हलचल मचा दी है। भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है और प्रशासन पर सवाल उठाए जा रहे हैं कि पुलिस मौजूद रहने के बावजूद पूर्व सीएम के परिवार को असुरक्षा कैसे झेलनी पड़ी। 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *