JPSC घोटाले में CID का शिकंजा, सात फरार आरोपियों के घरों की कुर्की की तैयारी…………………..
रिपोर्ट : रांची डेस्क
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा घोटाले की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में लंबे समय से फरार चल रहे सात आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट और इश्तेहार हासिल किया गया है। अब CID आरोपियों के घरों की कुर्की-जब्ती की तैयारी में जुटी है। जांच में सामने आया है कि कथित परीक्षा घोटाले में अधिकारियों, आउटसोर्सिंग एजेंसी के कर्मचारियों, एजेंटों और अभ्यर्थियों के बीच मिलीभगत थी। CID को पूर्व आयोग अध्यक्ष एल. खियांग्ते के करीबी धर्मेंद्र कुमार और कथित सिंडिकेट सरगना अरुण कुमार के बीच लाखों रुपये के वित्तीय लेन-देन के प्रमाण भी मिले हैं। जांच दस्तावेजों के अनुसार, धर्मेंद्र कुमार को कपड़ों की खरीदारी के लिए एक लाख रुपये नकद दिए गए थे। इसके अलावा मोटरसाइकिल और कार खरीदने के लिए भी पैसे उपलब्ध कराने की बात सामने आई है।
इन सात आरोपियों की तलाश
CID जिन फरार आरोपियों की तलाश कर रही है, उनमें टीडीपीएल के निदेशक सत्यपाल सिंह, सानंद प्रकाश, आदित्य पांडेय, पवन कुमार सिंह, लालू यादव, संतोष कुमार सिंह और सौरभ कुमार पांडेय शामिल हैं। फिलहाल CID कथित अवैध वसूली से जुड़े वित्तीय नेटवर्क, बैंक खातों और संपत्तियों की जांच कर रही है। जांच एजेंसी का प्रयास है कि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका और पैसों के लेन-देन की कड़ियों का पता लगाया जा सके।
